May 13, 2026

मंत्री श्रवण कुमार ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का पदभार किया ग्रहण

मंत्री श्रवण कुमार

पटना, 08 मई 2026: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का पदभार मंत्री श्रवण कुमार ने ग्रहण कर लिया है। उनके आगमन पर विभागीय सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह एवं निदेशक अनिल कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस मौके पर मंत्री कुमार ने कहा कि उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।

यह सरकार के सबसे महत्वपूर्ण विभागों में एक है। सूचनाओं का प्रचार-प्रसार करने से लेकर लोगों के बीच उचित जानकारी पहुंचाने की महती जिम्मेवारी इसी विभाग की है।

मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का अधिक से अधिक उपयोग करते हुए सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इन प्लेटफॉर्म्स पर फैलने वाली गलत या भ्रामक खबरों की भी तथ्यात्मक जांच कर आधिकारिक हैंडल से त्वरित खंडन सुनिश्चित कराया जाए, जिससे लोगों में किसी तरह का भ्रम नहीं पैदा हो। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि विभाग का मुख्य फोकस सूचनाओं के सही, सटीक और समयबद्ध प्रसारण पर रहेगा, ताकि जनता तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की सही जानकारी पहुंच सके। उन्होंने कहा कि अब तक जो विभाग उन्हें नीतिश कुमार ने सौंपा है, उनका संचालन सफलतापूर्वक किया है।

बिहार के बाहर भी निखरे इसकी छवि

मंत्री श्रवण कुमार ने बिहार की सकारात्मक छवि को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के बाहर भी राज्य की अच्छी छवि बनाए रखने के लिए विस्तृत कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, रेडियो और सोशल मीडिया टूल्स का समन्वित उपयोग किया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी सरकार की प्रमुख योजनाओं की जानकारी मिल सके, इसके लिए सूचनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाया जाए।

मानव संसाधन की कमी को जल्द पूरा करें

मंत्री श्रवण कुमार ने विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग में मानव संसाधन की कमी को तत्काल पूरा किया जाए, जिससे बिना किसी बाधा और देरी के सभी काम पूरा हो सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सूचना प्रसार को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नवीन तकनीकों और रचनात्मक तरीकों का इस्तेमाल किया जाए।

ये भी देखें: बिहार में विभागों का बंटवारा, निशांत कुमार बने स्वास्थ्य मंत्री, विजय सिन्हा को मिला कृषि विभाग