नई दिल्ली, 15 अप्रैल : नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप ने रणनीतिक रूप से बेहद अहम हरमुज़ जलडमरूमध्य को “खुला और सुरक्षित” बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया है। दोनों नेताओं के बीच मंगलवार को करीब 40 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर विस्तार से चर्चा की। अमेरिकी पक्ष की ओर से क्षेत्र की ताजा स्थिति की जानकारी साझा की गई।
द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्गियो गोर ने बताया कि दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों में हुई “महत्वपूर्ण प्रगति” की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह बातचीत दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में अहम रही। राजदूत के अनुसार, दोनों देशों के बीच ऊर्जा क्षेत्र सहित कुछ बड़े समझौतों पर जल्द हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। इससे आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को नया आयाम मिल सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी पुष्टि की कि उन्हें राष्ट्रपति ट्रंप का फोन आया था। उन्होंने कहा कि बातचीत में पश्चिम एशिया के हालात के साथ-साथ हरमुज़ जलमार्ग को सुरक्षित और निर्बाध बनाए रखने की अहमियत पर विशेष जोर दिया गया। हरमुज़ जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में वैश्विक तेल आपूर्ति गुजरती है। इसकी सुरक्षा वैश्विक ऊर्जा बाजार और व्यापार के लिए बेहद जरूरी मानी जाती है।

More Stories
यूपी में H1N1 और सीजनल फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, डिप्टी सीएम ने दीं हिदायतें
मणिपुर में विधायक सपाम रंजन सिंह के घर पर बम धमाका, बाल-बाल बचा परिवार
जनता दर्शन में बोले सीएम योगी – भू-माफिया पर कसेंगे नकेल, 200 लोगों की समस्याएं सुनीं