पटियाला, 31 मार्च : भगवंत सिंह मान ने पटियाला के सनौर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी विकास परियोजनाओं की शुरुआत करते हुए 87 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के नवीनीकरण और 27 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाओं का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि सनौर लिंक रोड और पटियाला-पिहोवा रोड समेत कई सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके अलावा 49.60 करोड़ रुपये की लागत से नई लिंक सड़कें भी बनाई जाएंगी, जिससे ग्रामीण इलाकों में आवागमन आसान होगा।
83 गांवों को मिलेगा नहरी पानी
सरकार ने 27 करोड़ रुपये की लागत से घड़ाम राजबाहा, शेखपुरा और बहादुरपुर माइनरों की कंक्रीट लाइनिंग शुरू की है। इस परियोजना से 83 गांवों की 40,066 एकड़ जमीन को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अब सड़कों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। ठेकेदारों के लिए 5 साल का अनिवार्य रखरखाव लागू किया गया है, जिससे खराब निर्माण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाखड़ा नहर के पानी पर पंजाब का हक
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले भाखड़ा नहर के पंजाब हिस्से का 25% पानी हरियाणा को जा रहा था, लेकिन सरकार ने कानूनी लड़ाई लड़कर यह हिस्सा वापस हासिल किया है, जिससे किसानों को फायदा मिलेगा। उन्होंने बताया कि राज्य में 16,209 करोड़ रुपये की लागत से 44,920 किलोमीटर सड़कों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है, जो पंजाब के इतिहास का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है।
शिक्षा में पंजाब बना नंबर-1
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब ने नेशनल अचीवमेंट सर्वे-2024 में पहला स्थान हासिल किया है। 118 स्कूल ऑफ एमिनेंस खोले जा रहे हैं, जिनमें से 60 पहले ही चालू हो चुके हैं। सरकार की स्वास्थ्य योजना के तहत 65 लाख परिवारों को हेल्थ कार्ड दिए जा रहे हैं, जिससे 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है।
साथ ही, किसानों को पहली बार दिन में और 8 घंटे से अधिक निर्बाध बिजली आपूर्ति दी जा रही है।
महिलाओं के लिए नई योजना
मांवां-धीयां सत्कार योजना के तहत अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये और अन्य वर्गों की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह देने का प्रावधान किया गया है।मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सरकार लोगों के टैक्स का पैसा विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे पर खर्च कर रही है और पंजाब की तरक्की के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
यह भी देखें : NAS रैंकिंग का जश्न मनाने वालों को राजा वड़िंग ने चेताया

More Stories
NAS रैंकिंग का जश्न मनाने वालों को राजा वड़िंग ने चेताया
आप विधायक लालपुर को हाईकोर्ट ने 13 वर्ष पूराने मामले में किया बरी
1 अप्रैल से गेहूं खरीद सीजन शुरू, सरकार की तैयारियां पूरी