August 25, 2026

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर नृपेंद्र मिश्रा का बयान- ‘यह कलंक है, हम खुद को छोटा महसूस कर रहे हैं’

नृपेंद्र मिश्रा

अयोध्या, 11 जुलाई 2026: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने शनिवार को प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा, “यह एक तरह का कलंक है। इसका हम सभी को सिर्फ खेद ही नहीं है, बल्कि हम खुद को छोटा महसूस कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि व्यवस्था में सुधार होगा और इस तरह की घटनाएं दोबारा नहीं होंगी।”

नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि एक हाईलेवल समिति बनाई गई है, जिसमें संभवतः जज अध्यक्ष हैं। वे अपना निर्णय और सिफारिश ट्रस्ट को देंगे, फिर ट्रस्ट उस पर विचार करेगा।

नृपेंद्र मिश्रा राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक में शामिल होने शनिवार को रामकथा संग्रहालय पहुंचे। इससे पहले शुक्रवार को हुई बैठक में ट्रस्ट का कोई सदस्य नहीं पहुंचा था।

गोरखपुर में सपा नेता उपेंद्र दत्त शुक्ला ने शुक्रवार रात पोस्टर लगवाए। इसमें लिखा था- “राम नाम जपना, श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया दान अपना।” और “रामचंद्र कह गए सिया से, ऐसा कलयुग आएगा, चोर करेगा मंदिर में चोरी, चौकीदार देखता रह जाएगा।”

रायबरेली में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय महामंत्री राहुल सिंह ने सपा पर पलटवार करते हुए पोस्टर लगवाए। इनमें लिखा है- “राम मंदिर के चंदे पर सवाल, आतंकवाद के चंदे पर खामोशी? प्रभु राम हमारी आस्था हैं, राजनीति का हथियार नहीं।”

ये भी देखें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पूछताछ जारी, सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार