March 3, 2026

मस्कट के पास तेल टैंकर पर हमला; एक भारतीय की मौत

मस्कट के पास तेल टैंकर पर हमला...

दुबई, 3 मार्च : ओमान के मस्कट तट के निकट एक तेल टैंकर पर विस्फोटकों से लदी मानवरहित नाव (अनमैन्ड बोट) के जरिए हमला किया गया। ओमान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार MKD VYOM नामक टैंकर पर हुए इस हमले से इंजन रूम में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद जहाज में आग लग गई।

इस हादसे में चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार बाकी 21 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बचाए गए लोगों में 16 भारतीय, 4 बांग्लादेशी और 1 यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में पहले भी हुआ हमला

इससे पहले रविवार को Strait of Hormuz में एक अन्य तेल टैंकर MV Skylight पर भी हमला हुआ था, जिसमें चार कर्मचारी घायल हो गए थे। लगातार हो रहे हमलों ने समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ओमान में स्थित भारतीय दूतावास ने बताया है कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। भारतीय मिशन लापता कर्मियों की तलाश और बचाए गए सदस्यों को सुरक्षित भारत भेजने के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।

वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अहम है यह मार्ग

गौरतलब है कि Strait of Hormuz दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। हालिया हमलों के चलते इस क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता और सतर्कता बढ़ गई है।

यह भी देखें : ईरान-इज़राइल टकराव के बीच दुबई से भारत के लिए उड़ानें फिर शुरू