July 13, 2026

फिरोजपुर के हुसैनीवाला में खुदाई के दौरान पुराना बम बरामद, इलाके में हड़कंप

bomb found

फिरोजपुर, 10 जुलाई 2026: फिरोजपुर के हुसैनीवाला सीमावर्ती क्षेत्र में विकास कार्य के दौरान खुदाई में एक पुराना बम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह रॉकेट लॉन्चर से संबंधित विस्फोटक सामग्री बताई जा रही है।

हुसैनीवाला बॉर्डर के पास गांव झुग्गे हजारा सिंह वाला में विकास कार्य चल रहा था। मजदूरों द्वारा की जा रही खुदाई में जमीन के अंदर दबा संदिग्ध विस्फोटक बरामद हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस और सेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।

एसपी (एच) धर्मवीर सिंह ने बताया कि बरामद बम काफी पुराना प्रतीत होता है और लंबे समय से मिट्टी में दबा हुआ था।

सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इसे सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया है। फिलहाल बम के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया है।

सेना के विशेषज्ञ इसकी जांच कर रहे हैं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत इसे निष्क्रिय (डिफ्यूज) करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

यह भी देखें: फिरोजपुर में 5 ग्लॉक पिस्तौल समेत हथियार सप्लायर गिरफ्तार, भारत में तस्करी किए गए हथियार बरामद