इस्लामाबाद, 10 जनवरी : पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर एक बेहद विवादित और तीखा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका वास्तव में मानवता में विश्वास करता है, तो उसे नेतन्याहू को उसी तरह अगवा करना चाहिए, जैसे उसने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के साथ किया। एक टेलीविजन इंटरव्यू में ख्वाजा आसिफ ने कहा कि तुर्किये भी नेतन्याहू को अगवा कर सकता है, और अगर ऐसा होता है तो पाकिस्तान उसका पूरा समर्थन करेगा।
नेतन्याहू को बताया ‘मानवता का सबसे बड़ा अपराधी’
आसिफ ने नेतन्याहू को मानवता का सबसे बड़ा अपराधी करार देते हुए कहा कि गाजा में फिलिस्तीनियों के खिलाफ जो अत्याचार हुए हैं, उनका इतिहास में कोई उदाहरण नहीं मिलता। उन्होंने कहा, “पिछले 4,000–5,000 वर्षों में किसी भी समुदाय ने वह नहीं किया, जो इजरायल ने फिलिस्तीनियों के साथ किया है।”
ICC के गिरफ्तारी वारंट का हवाला
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने नेतन्याहू के समर्थकों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “ऐसे अपराधियों का समर्थन करने वालों के बारे में कानून क्या कहता है?” ख्वाजा आसिफ ने बार-बार अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) के गिरफ्तारी वारंट का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ICC ने भी नेतन्याहू के खिलाफ कार्रवाई की है। गौरतलब है कि नवंबर 2024 में ICC ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और पूर्व रक्षा मंत्री योव गैलेंट के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे, हालांकि इजरायल ने इन वारंटों को सिरे से खारिज कर दिया था।
निकोलस मादुरो मामले का जिक्र
आसिफ ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 3 जनवरी को अमेरिका ने मादुरो और उनकी पत्नी को उनके घर से हिरासत में लिया। मादुरो पर अब नार्को-आतंकवाद के आरोपों में मुकदमा चलाया जाएगा। हालांकि, मादुरो का कहना है कि उन्हें गैर-कानूनी तरीके से अगवा किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ सकता है विवाद
ख्वाजा आसिफ के इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नया विवाद खड़ा होने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि यह बयान सीधे तौर पर अमेरिका, इजरायल और वैश्विक न्याय व्यवस्था से जुड़ा हुआ है।
यह भी देखें : S-400 एयर डिफेंस सिस्टम पर भारत के दांव पर ब्रिटिश एक्सपर्ट की चेतावनी

More Stories
तेहरान में जोरदार धमाकों की आवाजें, ईरान ने बताया ‘नियंत्रित विस्फोट’
भारत-न्यूजीलैंड के बीच FTA साइन, पीएम मोदी ने इसे मील का पत्थर बताया
बहामास में भीषण विमान हादसा, प्लेन क्रैश में 10 लोगों की मौत