April 5, 2026

प्रधानमंत्री मोदी रास मेला मैदान से करेंगे बंगाल चुनाव प्रचार की शुरुआत

प्रधानमंत्री मोदी रास मेला मैदान से करेंगे...

कोलकाता, 5 अप्रैल : नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के मद्देनजर रविवार को कूच बिहार में रैली को संबोधित कर भारतीय जनता पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने इसकी जानकारी दी है। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर के समय रास मेला मैदान में भाजपा की “विजय संकल्प सभा” को संबोधित करेंगे। इस रैली के जरिए चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज किया जाएगा।

उत्तर बंगाल में जनसंपर्क अभियान की शुरुआत

इस रैली के साथ ही उत्तर बंगाल में भाजपा की व्यापक जनसंपर्क मुहिम भी शुरू होगी। पार्टी का लक्ष्य इस क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपने साथ जोड़ना है। पिछले कुछ वर्षों में उत्तर बंगाल का यह इलाका भाजपा के लिए मजबूत आधार के रूप में उभरा है। पार्टी यहां अपने जनाधार को और विस्तार देने की कोशिश कर रही है। नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान पश्चिम बंगाल के विकास को लेकर भारतीय जनता पार्टी का विज़न पेश किए जाने की संभावना है। साथ ही, वह सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों को भी जोर-शोर से उठा सकते हैं।

पहली चुनावी रैली, चौथी जनसभा

विधानसभा चुनावों के ऐलान के बाद पश्चिम बंगाल में यह प्रधानमंत्री मोदी की पहली चुनावी रैली होगी। वहीं, रास मेला मैदान में उनकी यह चौथी जनसभा होगी। इससे पहले वे 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों तथा 2021 के विधानसभा चुनावों के दौरान भी यहां रैलियों को संबोधित कर चुके हैं। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।

पार्टी नेताओं के अनुसार, प्रधानमंत्री का यह संबोधन भाजपा की चुनावी रणनीति और अभियान की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

यह भी देखें : कांग्रेस ने अमेरिका के साथ मिल कर केरल सरकार गिराने की कोशिश की : निशिकांत दूबे