जालंधर, 19 मार्च : राज्यसभा सदस्य एवं प्रसिद्ध क्रिकेटर हरभजन सिंह ने अपने सांसद निधि कोष से सिविल सर्जन कार्यालय और जिला रेडक्रॉस सोसायटी को तीन एम्बुलेंस दान कीं। इन एम्बुलेंसों का उपयोग जिले में मरीजों के परिवहन के लिए किया जाएगा, जिससे उनका तत्काल उपचार और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित हो सके।
इसके अलावा, दिव्यांगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्यसभा सांसद ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी को पांच बैटरी चालित व्हीलचेयर भी भेंट की।
ये व्हीलचेयर दिव्यांगों के लिए आसानी से आवागमन में सहायक सिद्ध होंगी। इस अवसर पर उनके साथ उपायुक्त डा. हिमांशु अग्रवाल भी उपस्थित थे। एंबुलेंसों को हरी झंडी दिखाते हुए हरभजन सिंह ने बताया कि इनमें से 2 एंबुलेंस सिविल सर्जन कार्यालय को तथा 1 एंबुलेंस जिला रेडक्रॉस सोसायटी को दी गई है।
उन्होंने कहा कि ये एम्बुलेंस मरीजों को शीघ्र एवं सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने में सहायक सिद्ध होंगी। उन्होंने भविष्य में हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि वे जिलेवासियों की सेवा के लिए सदैव तत्पर हैं।
हरभजन सिंह का आभार जताया
उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने इस पहल के लिए राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस के जरिए समय पर अस्पताल पहुंचाकर मानव जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने सचिव जिला रेडक्रॉस सोसायटी को निर्देश दिए कि लाभार्थियों को तुरंत व्हीलचेयर उपलब्ध कराई जाए।
उल्लेखनीय है कि मोहल्ला सरां तहसील नकोदर के जगदीश, गांव मालोवाल की सुखजीत कौर, बस्ती बावा खेल के जसवीर सिंह, गांव सिंधड़ के अमरीक सिंह और गांव कंग कलां के यादविंदर सिंह को इन व्हीलचेयर का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर सिविल सर्जन डा. गुरमिल लाल, जिला प्रोग्राम अधिकारी-कम-सचिव जिला रेडक्रॉस सोसायटी मनजिंदर सिंह आदि भी उपस्थित थे।

More Stories
ई-20 पेट्रोल से देशभर के लोगों को अपने वाहनों में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा – सीएम मान
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 2,800 नए राशन डिपो धारकों को लाइसेंस सौंपे
मुख्यमंत्री सेहत योजना मानसून बीमारियों के लिए मुफ़्त इलाज उपलब्ध करवा रही