July 8, 2025

जल्द गर्मी से मिलेगी राहत, तेज हवाओं के साथ बरसात से बदलेगा मौसम

जल्द गर्मी से मिलेगी राहत, तेज...

भुवनेश्वर, 21 मई : भीषण गर्मी से परेशान लोगों ने राहत भरी खबर सामने आ रही है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा जानकारी अनुसार पूर्व-मध्य अरब सागर, उत्तरी कर्नाटक और उससे सटे गोवा तट पर चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से अगले 12 घंटों के भीतर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसका असर ओडिशा में भी दिखेगा।
अगले 7 दिनों तक ओडिशा के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक उमा शंकर दास ने कहा है कि इस सिस्टम के उत्तर की ओर बढऩे और धीरे-धीरे तीव्र होने की उम्मीद है। यह निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 36 घंटों के दौरान अवदाब में बदल सकता है।

7 दिन तक बारिश, 13 जिलों में येलो अलर्ट

इस बीच, ओडिशा में कई स्थानों पर बारिश हुई और सबसे अधिक 55.4 मिमी बारिश झारसुगुड़ा जिले में दर्ज की गई। इसके अलावा अगले सात दिनों के दौरान ओडिशा के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दूसरी ओर, संबलपुर में भीषण गर्मी पड़ रही है। 20 मई को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग ने मयूरभंज, केंदुझार, देवगढ़, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, बरगढ़, कालाहांडी, गजपति, गंजाम, रायगढ़, कोरापुट और मलकानगिरी समेत 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज के साथ तूफान आ सकता है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

हालांकि काल बैसाखी की बारिश ने लोगों को गर्मी से कुछ समय के लिए राहत दी है, लेकिन आईएमडी ने 25 मई तक समग्र मौसम पैटर्न में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की भविष्यवाणी नहीं की है।