हुएलवा, 27 मार्च : स्पेन की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी कैरोलीना मारिन ने घुटने की गंभीर चोट के चलते बैडमिंटन से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। तीन बार की विश्व चैंपियन और पूर्व ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता मारिन ने यह फैसला गुरुवार को लिया।
मारिन को पेरिस ओलंपिक 2024 के सेमीफाइनल के दौरान चोट लग गई थी, जिसके कारण उन्हें मुकाबले से हटना पड़ा। 32 वर्षीय खिलाड़ी अगले महीने अपने गृह शहर हुएलवा में होने वाली यूरोपीय चैंपियनशिप में वापसी की योजना बना रही थीं, लेकिन अंततः उन्होंने संन्यास लेने का निर्णय कर लिया।
इंस्टाग्राम पर भावुक संदेश
मारिन ने इंस्टाग्राम पर जारी वीडियो में कहा, “मैं चाहती थी कि हम आखिरी बार कोर्ट पर मिलें, लेकिन इसके लिए मैं अपने शरीर को खतरे में नहीं डालना चाहती। अंदर से मैं 2024 में पेरिस के कोर्ट पर ही संन्यास ले चुकी थी, बस उस समय हमें इसका एहसास नहीं था।” मारिन ने 2014, 2015 और 2018 में विश्व चैंपियनशिप जीती थी।
उन्होंने रियो ओलंपिक 2016 के फाइनल में भारत की पीवी सिंधु को हराकर महिला सिंगल्स में स्वर्ण पदक जीता था।
सिंधु की हार आज भी यादगार
इस मुकाबले में सिंधु ने शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन जीत से चूक गईं। अगर सिंधु यह मैच जीत जातीं, तो वह बैडमिंटन में ओलंपिक स्वर्ण जीतने वाली भारत की पहली खिलाड़ी बन जातीं। यह हार आज भी भारतीय खेल प्रेमियों के दिल में एक टीस के रूप में याद की जाती है।

More Stories
श्रीसंत पर लगा 3 साल का बैन हटा, KCA ने लिया फैसला
वसीम जाफर बने हैदराबाद क्रिकेट टीम के मेंटर, अगले 2 साल तक संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी
IRE vs IND: आयरलैंड ने भारत को 34 रन से हराया, काम नहीं आई अभिषेक की फिफ्टी