अमृतसर, 21 जनवरी : श्री अकाल तख़्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने जालंधर ज़िले के गांव माहल स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन अंगों की बेअदबी की घटना का सख़्त नोटिस लेते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने इस घटना की सख़्त शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी हमारे जागृत ज्योत गुरु हैं और उनके सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गुरुद्वारों की सुरक्षा को लेकर जत्थेदार की सख़्त हिदायत
उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा साहिब में हर समय पहरेदारी, मज़बूत प्रबंध और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना हम सभी की ज़िम्मेदारी है। कई स्थानों पर अभी भी गुरुद्वारा प्रबंधों में लापरवाही देखने को मिल रही है, जो अत्यंत चिंताजनक है। जत्थेदार गड़गज्ज ने सिख संगत से अपील की कि वे अपने-अपने गुरुद्वारों में हर समय पहरेदारी और चालू हालत में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
बच्चे के माध्यम से करवाई गई बेअदबी, संगतों में रोष
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बीते दिन संध्या समय शरारती तत्वों ने गांव माहल के गुरुद्वारा साहिब में एक बच्चे के माध्यम से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन अंगों की बेअदबी करवाई, जिससे सिख संगत की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है और इलाके में भारी रोष व्याप्त है। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सचिव और क्षेत्रीय सदस्यों से बातचीत कर घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
तख़्तों से टीमें भेजने के आदेश
उन्होंने तख़्त श्री केसगढ़ साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी जुगिंदर सिंह को निर्देश दिए कि वे तख़्त साहिब से एक टीम लेकर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचें और गुरुद्वारा साहिब के समुचित प्रबंधों व बेअदबी की घटना संबंधी विस्तृत रिपोर्ट भेजें। इसके साथ ही तख़्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी टेक सिंह भी आज घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले का जायज़ा लेंगे।
यह भी देखें : सूचना एवं लोक संपर्क विभाग ने आयोजित किया चौथा वार्षिक धार्मिक समागम

More Stories
सरपंच हत्याकांड में 11 पर केस दर्ज, 2 गिरफ्तार
चुनावी मोड में सरकार, एक रुपए तक सस्ती की बिजली दरें
फिनलैंड ट्रेनिंग के लिए जाएगा शिक्षकों का चौथा बैच, मांगे गए आवेदन