शिमला, 24 जून 2026: हिमाचल प्रदेश में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए अब मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के जरिए विकास कार्यों की रियल टाइम निगरानी की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सीएम डैशबोर्ड के विकास और उसकी कार्यप्रणाली की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने बागवानी विभाग के उन कार्यक्रमों की भी समीक्षा की, जिन्हें इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को अपने प्रमुख और फ्लैगशिप कार्यक्रमों की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को जल्द से जल्द मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से जोड़ा जाए ताकि उनकी लगातार निगरानी की जा सके और कार्यों की वास्तविक स्थिति पर नजर रखी जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर योजना का लाभ समय पर प्रदेश के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग केवल कार्यालयी प्रक्रियाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका लाभ आम लोगों तक भी दिखाई देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति और जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन की निगरानी के लिए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एक प्रभावी माध्यम साबित होगा। इससे योजनाओं के कार्यान्वयन में पारदर्शिता बढ़ेगी और जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।
यह भी देखें: मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- चुनाव के समय कैबिनेट बैठक आयोजित करने वाले जयराम अब क्या विरोध कर रहे हैं

More Stories
पंजाब बदलाव चाहता है, भाजपा की ओर उम्मीद से देख रही जनता – अनुराग ठाकुर
हिमाचल में प्री-मानसून की बारिश जारी, 29-30 जून तक मानसून की एंट्री के आसार
एचआरटीसी कर्मचारियों ने वापस ली हड़ताल, कल से सभी रूटों पर सामान्य रूप से चलेंगी बसें