कोलंबो, 16 फरवरी : टी-20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए अहम मुकाबले के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
77 रन पर गिरे 5 विकेट
पाकिस्तान की पारी के 12वें ओवर में जब मोहम्मद नवाज का विकेट गिरा और टीम का स्कोर 77 रन पर 5 विकेट हो गया, तभी नकवी को आर. प्रेमदासा स्टेडियम से बाहर निकलते देखा गया। पीटीआई की वायरल वीडियो में वह मैच के दौरान ही अपनी गाड़ी में बैठकर जाते नजर आए। इसके बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने उनका मजाक उड़ाते हुए कहा कि वह अपनी टीम की हार देखने से पहले ही मैदान छोड़कर चले गए।
176 रन का लक्ष्य, 114 पर सिमटी पाकिस्तान टीम
176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 114 रन पर ऑल आउट हो गई। भारत ने यह मुकाबला 61 रन से जीतकर बड़ी जीत दर्ज की। मोहसिन नकवी, जो पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं, अक्सर भारत विरोधी रुख को लेकर चर्चा में रहते हैं। पिछले साल एशिया कप के दौरान भी विवाद हुआ था, जब भारतीय टीम ने उनके हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। बताया जाता है कि वह ट्रॉफी लेकर मैदान से चले गए थे।
जय शाह से मुलाकात की अटकलें
इस मैच के दौरान उम्मीद जताई जा रही थी कि नकवी भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव जय शाह से मुलाकात करेंगे, लेकिन ऐसी कोई तस्वीर सामने नहीं आई। हालांकि उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट के अधिकारियों से मुलाकात जरूर की, लेकिन अपनी टीम की खराब स्थिति देखते हुए वह मैच खत्म होने से पहले ही स्टेडियम छोड़कर चले गए।

More Stories
भारत से हार के बाद पी.सी.बी. चेयरमैन पर भडक़े शोएब अख्तर, बाबर-मोहसिन को भी सुनाया
टी20 विश्व कप: भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया, इशान किशन चमके
कोलंबो में भारत-पाक मुकाबले से कारोबार में उछाल