चंडीगढ़, 10 अप्रैल : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए अधिकारियों को 12 अप्रैल को लुधियाना स्थित पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में विशेष किसान सम्मेलन आयोजित करने के लिए कहा है ताकि किसानों को धान की खेती के बारे में जागरूक किया जा सके। यहां अपने सरकारी आवास पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष किसान सम्मेलन का उद्देश्य बुवाई शुरू होने से पहले किसानों को धान की खेती के बारे में जागरूक करना होगा।
उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान किसानों को कम पानी वाली तकनीक से धान की खेती के बारे में जागरूक किया जाएगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस दौरान किसानों को कृषि विश्वविद्यालय द्वारा अनुमोदित उच्च उपज वाली किस्मों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया जाएगा।
राज्य सरकार ने धान की बिजाई एक जून से करने का फैसला किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को यह भी बताया जाएगा कि अक्तूबर में धान बेचते समय अधिक नमी के कारण किसानों को होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए राज्य सरकार ने धान की बिजाई एक जून से करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि राज्य को जोनों में बांटकर धान की बिजाई सुनिश्चित की जाएगी, जिसके लिए पंजाब सरकार आवश्यक प्रबंध और योजना बना रही है। मान ने कहा कि धान की रोपाई प्रभावी ढंग से करने के लिए राज्य को जोनों में विभाजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धान की बुआई की तिथियां जल्द ही जोन के अनुसार घोषित की जाएंगी ताकि किसानों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इस बैठक के दौरान राज्य सरकार किसानों को लाभान्वित करने के लिए प्रख्यात कृषि विशेषज्ञों को एक साथ लाएगी। इस बीच, उन्होंने दोहराया कि नकली बीजों की बिक्री रोकना राज्य सरकार का कर्तव्य है और इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
More Stories
पंजाब सरकार लैंड पूलिंग नीति रद्द करे, वरना दिल्ली जैसा संघर्ष होगा : एसकेएम
पंजाब सरकार ने संपत्ति कर में 5 प्रतिशत की वृद्धि की, अधिसूचना जारी
मैराथन धावक फौजा सिंह के अंतिम संस्कार की तारीख का खुलासा