विनीपेग, 16 जनवरी : कनाडा सरकार ने अपनी अंतरराष्ट्रीय यात्रा एडवाइजरी को अपडेट करते हुए दुनिया के 20 देशों की यात्रा न करने की सख्त सलाह दी है। नई एडवाइजरी में इन देशों को “अत्यधिक खतरनाक” श्रेणी में रखा गया है और कनाडाई नागरिकों से यहां यात्रा से बचने की अपील की गई है।
इन देशों की यात्रा से बचने की सलाह
कनाडा सरकार की सूची में ईरान, वेनेजुएला, रूस, उत्तर कोरिया, इराक, लीबिया, अफगानिस्तान, बेलारूस, बुर्किना फासो, मध्य अफ्रीकी गणराज्य, हैती, माली, दक्षिण सूडान, म्यांमार, नाइजर, सोमालिया, सूडान, सीरिया, यूक्रेन और यमन शामिल हैं। कनाडा ने भारत को “अधिकतम सावधानी” की श्रेणी में रखा है। दिसंबर में जारी एडवाइजरी के अनुसार, पूरे देश में आतंकवादी हमलों के जोखिम का हवाला दिया गया है।
इन क्षेत्रों में यात्रा न करने की सलाह
कनाडाई अधिकारियों ने जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ गुजरात, पंजाब और राजस्थान के पाकिस्तान से सटे सीमावर्ती इलाकों की यात्रा से बचने को कहा है। इसके अलावा असम और मणिपुर सहित पूर्वोत्तर राज्यों की गैर-जरूरी यात्रा से भी परहेज करने की सलाह दी गई है। एडवाइजरी में यात्रियों को क्रेडिट कार्ड और एटीएम धोखाधड़ी से सतर्क रहने, पर्यटन स्थलों और हवाई अड्डों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। महिलाओं को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया है।
गोवा, दिल्ली और आध्यात्मिक स्थलों को लेकर चेतावनी
कनाडा ने गोवा, दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन सेवाओं, योग केंद्रों, आश्रमों और अन्य आध्यात्मिक स्थलों पर भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इस एडवाइजरी में भारत के अलावा चीन, मैक्सिको, ब्राजील, फ्रांस, जर्मनी, इटली, स्पेन, संयुक्त अरब अमीरात, दक्षिण अफ्रीका और यूनाइटेड किंगडम (यूके) भी शामिल हैं, जहां यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
कनाडा सरकार ने अपने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले नवीनतम यात्रा सलाह जरूर जांचें और स्थानीय हालात को ध्यान में रखकर ही कोई निर्णय लें।
यह भी देखें : मेलबर्न में पंजाबी मूल के ट्रक ड्राइवर पर टारगेट अटैक, हालत गंभीर

More Stories
जंग के चौथे दिन भी जारी संघर्ष, तेल कीमतों में उछाल और शेयर बाजारों में गिरावट
ट्रंप की स्पेन से सभी व्यापारिक संबंध खत्म करने की चेतावनी
ईरान पर हमलों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल