March 7, 2026

मान सरकार हर घर को देगी मुफ्त मुख्यमंत्री स्वास्थ्य कार्ड : डॉ. बलबीर सिंह

मान सरकार हर घर को देगी मुफ्त मुख्यमंत्री...

चंडीगढ़, 20 जनवरी : पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने घोषणा की है कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ को 22 जनवरी को आधिकारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा। इस योजना के तहत हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के उस वादे को पूरा करती है, जिसके तहत हर नागरिक को बिना किसी आर्थिक बोझ के बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का संकल्प लिया गया था।

कार्ड से इलाज तक पूरा खर्च सरकार उठाएगी

सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वास्थ्य मंत्री ने साफ किया कि हेल्थ कार्ड बनाने से लेकर इलाज तक का पूरा खर्च पंजाब सरकार वहन करेगी। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी स्तर पर किसी व्यक्ति या एजेंसी को एक रुपया भी वसूलने की इजाजत नहीं है।

डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि योजना के दुरुपयोग के खिलाफ सरकार ने पहले ही सख्त कदम उठाए हैं। मुक्तसर और मानसा से शिकायतें मिली थीं, जहां कुछ लोग हेल्थ कार्ड बनाने के नाम पर 50 रुपये की अवैध वसूली कर रहे थे। इस मामले में दोषी पाए गए लोगों को सस्पेंड कर दिया गया है, उनके लाइसेंस रद्द किए गए हैं और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

घर-घर जाकर होगा रजिस्ट्रेशन

रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यूथ क्लब के वॉलंटियर घर-घर जाकर टोकन बांटेंगे। लोग अपने आधार कार्ड और वोटर आईडी के साथ निर्धारित केंद्रों पर जाकर मुफ्त में अपना मुख्यमंत्री स्वास्थ्य कार्ड बनवा सकेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने चेतावनी दी कि वेलफेयर स्कीम के नाम पर लोगों का किसी भी तरह का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता को धोखा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

पारदर्शी और जनहितैषी स्वास्थ्य सेवा का संकल्प

डॉ. बलबीर सिंह ने जोर देकर कहा कि भगवंत मान सरकार पारदर्शी व्यवस्था के साथ लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। यह योजना पूरी तरह मुफ्त, आसान और हर नागरिक के लिए है।