January 9, 2026

श्रीनगर से जम्मू पहुंचे नगर कीर्तन का संगतों ने किया भव्य स्वागत

श्रीनगर से जम्मू पहुंचे नगर कीर्तन का संगतों...

जम्मू , 20 नवंबर : नौवें पातशाह साहिब श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के संबंध में श्रीनगर से प्रारंभ हुए नगर कीर्तन को जम्मू की संगत ने खालसाई जाहो-जलाल के साथ अगले पड़ाव पठानकोट के लिए रवाना किया। संगतों ने बीती रात स्वागत के समय और आज रवानगी के समय कई-कई किलोमीटर तक नगर कीर्तन के साथ पैदल चलकर शहर को आध्यात्मिक रंग प्रदान किया।

स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

जम्मू के चांद नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देव जी में नगर कीर्तन के ठहराव का प्रबंध किया गया था। नगर कीर्तन की जम्मू से रवानगी के दौरान नौजवानों ने गतके का शानदार प्रदर्शन किया और स्थानीय संगत ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी पर फूलों की वर्षा की। इस दौरान जम्मू से संगत का बड़ा काफिला नगर कीर्तन के साथ श्री आनंदपुर साहिब के लिए रवाना हुआ।
शहर से गुजरते समय जगह-जगह नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। सिंह सभा गुरुद्वारा अकाली कौर सिंह नगर, डगियाना द्वारा नगर कीर्तन का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर रजिंदर सिंह वजीर, रजिंदर सिंह रैणा, नरिंदर सिंह वजीर, संदीप सिंह और भारी संख्या में संगत उपस्थित रही। श्री संत मेला सिंह जी दस्तकारी आश्रम में महंत मनजीत सिंह के साथ संगत ने नगर कीर्तन का स्वागत किया।

इसके अलावा सांबा ज़िले के विजयपुर क्षेत्र में पूर्व जम्मू-कश्मीर कैबिनेट मंत्री स. मंजीत सिंह, ज्ञानी हरपाल सिंह, जसवीर सिंह, हरनाम सिंह, गुरमीत सिंह, गुरदीप सिंह तथा स्थानीय संगत ने नगर कीर्तन का स्वागत किया और लंगर का प्रबंध किया। इसी प्रकार सांबा के बाड़ी ब्राह्मणा अड्डा पर भी संगत द्वारा नगर कीर्तन का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।