October 6, 2025

ये है दुनिया का सबसे अमीर कुत्ता, जीता है अमीरों जैसा जीवन

ये है दुनिया का सबसे अमीर कुत्ता...

नई दिल्ली, 14 अगस्त : दिल्ली एनसीआर के सभी आवारा कुत्तों को 8 हफ़्तों के भीतर शेल्टर होम भेजने के सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले पर देश में बहस छिड़ गई है। कई लोग इस फ़ैसले को सही बता रहे हैं, तो कुछ इसे अमानवीय बता रहे हैं। लोग इस फ़ैसले के विरोध में कैंडल मार्च निकाल रहे हैं। सोशल मीडिया पर अपनी आवाज़ बुलंद कर रहे हैं। हालाँकि, इस बहस से इतर, यहाँ हम आपको दुनिया के सबसे अमीर कुत्ते के बारे में बता रहे हैं, जो सड़कों पर घूमने वाले आवारा कुत्तों से भी बेहतर आलीशान जीवनशैली जीता है।

आज हम आपको दुनिया के एक ऐसे कुत्ते से मिलवाने जा रहे हैं जो है तो कुत्ता, लेकिन ज़िंदगी करोड़पति जैसी। उसका नाम गुंथर है, जो इटली में रहता है। गुंथर इतना अमीर है कि उसके सामने कई मशहूर हस्तियाँ भी गरीब लगती हैं। एक निजी शेफ उसके लिए खाना बनाता है। वह नौकाओं पर घूमता है। लग्जरी कारों में घूमता है और इटली के टस्कनी में एक आलीशान विला में रहता है। गुंथर के पास हर ज़रूरत के लिए 27 लोगों का स्टाफ है। कहा जाता है कि गुंथर लगभग 3500 करोड़ रुपये की संपत्ति का मालिक है।

गुंथर इतना अमीर कैसे बन गया?

गुंथर की दौलत की कहानी 1992 में शुरू हुई, जब उसकी मालकिन कार्लोटा लिबेनस्टाइन का निधन हो गया। उन्होंने अपने लाखों डॉलर अपने प्यारे पालतू गुंथर तृतीय के नाम छोड़ दिए। एक ट्रस्ट बनाया गया ताकि यह दौलत गुंथर की आने वाली पीढ़ियों की देखभाल पर खर्च की जा सके। इस राजवंश के हर कुत्ते को शाही अंदाज़ में पाला जाता है। वर्तमान उत्तराधिकारी, गुंथर VI, गुंथर तृतीय का पोता है, जिसकी संपत्ति अब 400 मिलियन डॉलर से ज़्यादा आंकी जाती है। इस कहानी से प्रेरित होकर नेटफ्लिक्स पर “गुंथर्स मिलियंस” नाम की एक सीरीज़ भी बनाई गई है। गुंथर की देखभाल एक इतालवी व्यवसायी मौरिज़ियो मियां करते हैं।

यह भी देखें : ‘पहले आओ, पहले पाओ’… स्वतंत्रता दिवस पर मुफ्त दिखाई जाएगी फिल्म