June 30, 2026

मुंबई में स्कूल बस पर गिरा पेड़, 11 वर्षीय छात्र की मौत, 11 बच्चे घायल

मुंबई में स्कूल बस पर गिरा पेड़

मुंबई, 30 जून 2026: मुंबई के चेंबूर इलाके में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ा एक पेड़ अचानक प्राइवेट स्कूल बस पर गिर गया। हादसे के समय बस में 12 छात्र सवार थे। इनमें 11 बच्चों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में 11 वर्षीय छात्र विहान श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गया। रेस्क्यू टीम ने उसे बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार स्कूल की छुट्टी के बाद बस रोज की तरह बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान रोड नंबर 11 पर सड़क किनारे खड़े पेड़ की बड़ी शाखाएं अचानक बस की छत पर गिर गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला और बीच का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद बस के अंदर बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी पहुंच गईं। बचाव दल ने मशीनों और कटर की मदद से पेड़ की शाखाएं हटाईं और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

ये भी देखें: घुमारवीं के सकरोहा में हादसा, 16 वर्षीय छात्र अरमान सिंह की मणि खड्ड में डूबने से मौत