घुमारवीं, 21 जून 2026: उपमंडल घुमारवीं के सकरोहा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय स्कूली छात्र की मणि खड्ड में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अरमान सिंह पुत्र गौतम सिंह, निवासी गांव जबल्याणा (डाकघर ननावा) के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार अरमान सिंह शनिवार सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन वह विद्यालय नहीं पहुंचा। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। बाद में पता चला कि वह सकरोहा क्षेत्र में बह रही मणि खड्ड में नहाने गया था। नहाते समय वह खड्ड के गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देर रात तक ग्रामीणों ने खड्ड के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन की, लेकिन अंधेरा और तेज पानी होने के कारण शव नहीं मिल सका। रविवार सुबह दोबारा शुरू किए गए अभियान में ग्रामीणों की मदद से अरमान का शव खड्ड से बरामद कर लिया गया।
शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस थाना घुमारवीं की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल घुमारवीं ले गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
ये भी देखें: लुधियाना में नहर में डूबने से तीन युवकों की मौत, एक को बचाया गया

More Stories
हिमाचल में मत्स्य क्षेत्र के लिए सरकार की नई योजना, कोल्ड स्टोरेज आदि पर 70 प्रतिशत सब्सिडी
चंबा में यात्रियों से भरी बस पलटी, सात लोगों की मौत, 11 घायल
हिमाचल हाईकोर्ट का फैसला: सरकारी कर्मचारी को सजा देते समय विभाग को साफ कारण बताना होगा