October 29, 2026

ट्रंप ने दावा किया- मेरे समर्थन से नेतन्याहू की जीत संभव, मैंने बीबी का समर्थन किया, तो पासा पलट गया

trump and netanyahu

वाशिंगटन, 29 अक्टूबर 2026: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को दावा किया कि उनकी वजह से इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को जीत मिल सकती है। ट्रंप ने कहा कि उनका समर्थन मिलने से इजराइल के चुनावों की दिशा ही बदल गई है। उन्होंने कहा कि जिस अनुभवी नेता की करारी हार तय मानी जा रही थी अब वह मुकाबला बराबरी पर छूट सकता है या फिर नेतन्याहू की जीत भी हो सकती है।

ट्रंप के नाम से साझा की गई एक पोस्ट में कहा गया है जब राष्ट्रपति ट्रंप ने बीबी नेतन्याहू का समर्थन किया तो पूरी स्थिति ही बदल गई। अब एक महान प्रधानमंत्री की करारी हार के बजाय ऐसा लग रहा है कि नेतन्याहू ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले को बराबरी पर ला दिया है या शायद वे जीत भी जाएं। यह सब राष्ट्रपति ट्रंप के समर्थन के बाद हुआ है जो केवल मध्य पूर्व इजराइल और संयुक्त राज्य अमेरिका की भलाई चाहते हैं।

ट्रंप का यह दावा ऐसे समय में आया है जब मंगलवार को हुए चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल में नेतन्याहू के नेतृत्व वाले लिकुड गठबंधन और गादी आइसेनकोट के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इजराइल की 120 सदस्यों वाली संसद नेसेट में बहुमत के लिए 61 सीटों की जरूरत होती है लेकिन ऐसा लग रहा है कि किसी भी पक्ष को ये सीटें नहीं मिली हैं। ऐसे में देश में गठबंधन सरकार बनाने के लिए लंबी बातचीत का दौर चल सकता है।

इन अनुमानों से नेतन्याहू के लिए मिली-जुली तस्वीर सामने आई है। कान 11 और चैनल 13 के एग्जिट पोल में दोनों प्रतिद्वंद्वी गठबंधनों को 51-51 सीटें मिलती दिख रही हैं जबकि चैनल 12 के अनुसार नेतन्याहू के गठबंधन को 52 सीटें मिल सकती हैं जो विपक्षी गठबंधन की 49 सीटों के मुकाबले मामूली बढ़त है। वोटों की गिनती जारी रहने के कारण अंतिम परिणाम अभी भी अनिश्चित हैं।

ये भी देखें: Punjab Politics: गुरप्रीत सिंह सेखों हजारों समर्थकों के साथ AAP में शामिल