वॉशिंगटन, 24 जनवरी : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि कनाडा चीन के साथ कोई व्यापारिक समझौता करता है, तो अमेरिका कनाडा से आने वाले सभी सामानों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगा देगा। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका यह कतई बर्दाश्त नहीं करेगा कि कनाडा चीन के लिए “ड्रॉप-ऑफ पोर्ट” बने और चीनी सामान अमेरिका में भेजने का रास्ता तैयार करे। उनका कहना है कि चीन ऐसे किसी भी देश के हितों को नुकसान पहुंचाता है और अंततः उसे कमजोर कर देता है।
सोशल मीडिया पर ट्रंप का तीखा बयान
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी को “गवर्नर कार्नी” कहकर संबोधित करते हुए लिखा कि यदि कनाडा चीन के साथ व्यापारिक समझौता करता है, तो अमेरिका में आने वाले सभी कनाडाई उत्पादों पर 100 प्रतिशत टैक्स लगाया जाएगा। गौरतलब है कि अमेरिका की अप्रत्याशित और सख्त व्यापार नीतियों से परेशान होकर कनाडा वैकल्पिक व्यापारिक रास्तों की तलाश कर रहा था। इसी क्रम में उसने चीन के साथ व्यापार संबंधों को आंशिक रूप से बहाल करने की दिशा में कदम उठाए।
चीनी ई-वाहनों पर कनाडा ने घटाया आयात शुल्क
कनाडा ने चीन से आने वाले इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) पर लगाया गया 100 प्रतिशत आयात शुल्क घटाकर 6.1 प्रतिशत कर दिया है। हालांकि प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने स्पष्ट किया कि यह छूट सीमित है। फिलहाल सालाना 49,000 गाड़ियों के आयात की अनुमति होगी, जिसे पांच वर्षों में बढ़ाकर 70,000 किया जाएगा।
चीन ने भी कनाडा को दी राहत
इसके बदले चीन ने कनाडा के कृषि उत्पादों, विशेषकर कैनोला बीजों पर लगने वाली ड्यूटी को 84 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत कर दिया है, जिससे कनाडाई किसानों को बड़ी राहत मिली है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बीजिंग में हुई मुलाकात के दौरान वर्षों की कड़वाहट भुलाकर द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने का संकल्प लिया था। इस बैठक के बाद ही दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहयोग को लेकर सकारात्मक संकेत मिले।
वैश्विक व्यापार में बढ़ता तनाव
विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप की इस धमकी से वैश्विक व्यापार तनाव और बढ़ सकता है, खासकर ऐसे समय में जब कई देश अमेरिका पर अपनी निर्भरता कम करने की कोशिश कर रहे हैं।

More Stories
बांग्लादेश में बड़ा हादसा: बस नदी में गिरी, 24 की मौत, कई लापता
नीरव मोदी को बड़ा झटका: लंदन हाई कोर्ट ने खारिज की पुनर्विचार याचिका
ट्रंप ने ईरान को दिया युद्ध रोकने का दिया प्रस्ताव