February 5, 2026

‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत, 36 घंटे में 172 आरोपी गिरफ्तार

‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत, 36 घंटे में...

खन्ना, 22 जनवरी : पुलिस जिला खन्ना ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशा और हथियार तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 36 घंटों में 172 अपराधियों को काबू करने का दावा किया है। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में चली इस मुहिम को अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई माना जा रहा है। खन्ना पुलिस ने गैंगस्टरों, नशा तस्करों, भगोड़ों और संगठित अपराध से जुड़े तत्वों पर करारा प्रहार किया। गिरफ्तार आरोपियों में खतरनाक गैंगस्टर और उनके सहयोगी भी शामिल हैं। इसके अलावा लंबे समय से फरार चल रहे छह भगोड़े अपराधियों को भी पुलिस ने पकड़ लिया है।

मुठभेड़ में SHO बाल-बाल बचे

इस अभियान के दौरान पुलिस की बहादुरी का भी उदाहरण सामने आया। एक गैंगस्टर द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली SHO आकाश दत्त की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गैंगस्टर की टांग में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। ऑपरेशन के तहत पुलिस ने भारी मात्रा में हेरोइन, अवैध पिस्तौल, जिंदा कारतूस, नशे की कमाई की रकम और गैरकानूनी शराब बरामद की है। इसके साथ ही अपराध में इस्तेमाल की गई गाड़ियों को भी जब्त कर अपराधी नेटवर्क को कमजोर किया गया।

लुधियाना सेंट्रल जेल से चल रहे नशा नेटवर्क का भंडाफोड़

इस मुहिम की बड़ी सफलता लुधियाना सेंट्रल जेल से संचालित नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश रही। चार किलो हेरोइन के मामले से जुड़ी बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जेल के भीतर चल रहे रैकेट को बेनकाब किया गया। जेल से बरामद मोबाइल फोन इस बात का सबूत है कि अपराधी सलाखों के पीछे से भी नेटवर्क चला रहे थे।

खन्ना पुलिस ने लुधियाना के किडनैपिंग केस और खन्ना के हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के मामलों और जगराओं में पेट्रोल बम व फायरिंग की घटना में शामिल आरोपी को भी काबू किया गया। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि पुलिस की लगातार रेड, चेकिंग और जनता से संवाद से नशा तस्करों में डर और सुधार की सोच पैदा हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा करने वालों को अपराधी नहीं बल्कि मरीज मानकर इलाज करवाया जा रहा है।

खन्ना पुलिस अब तक 4,000 से अधिक नशा करने वालों का इलाज करवा चुकी है। एसएसपी ने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों को नशे से दूर रखकर शिक्षा की ओर प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के सहयोग से ही नशा मुक्त समाज बनाया जा सकता है।

जनप्रतिनिधियों ने की कार्रवाई की सराहना

मीट मार्केट में पुलिस कार्रवाई के दौरान पहुंचे कांग्रेसी नेताओं और पूर्व नगर काउंसिल प्रधान विकास महिता, जिला यूथ प्रधान अमित तिवाड़ी व रिक्की शर्मा ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ अभियान सराहनीय है, लेकिन किसी निर्दोष को गलत तरीके से न फंसाया जाए। इस मौके पर एसपी (डी) पवनजीत, डीएसपी विनोद कुमार, थाना सिटी-2 के SHO हरदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी देखें : श्रम मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने निर्माण श्रमिकों के लिए योजनाओं व प्रक्रियाओं पर हैंडबुक जारी की