February 5, 2026

खैबर पख्तूनख्वा में ब्लास्ट, शादी समारोह के दौरान आत्मघाती हमला

खैबर पख्तूनख्वा में ब्लास्ट, शादी समारोह के...

पेशावर, 24 जनवरी : पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार रात एक शादी समारोह के दौरान हुए आत्मघाती बम हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह धमाका एक शांति समिति के सदस्य के घर पर हुआ। डेरा इस्माइल खान जिले के जिला पुलिस अधिकारी सज्जाद अहमद साहिबजादा ने पुष्टि की कि यह एक आत्मघाती बम हमला था। धमाका कुरैशी मोड़ के पास शांति समिति के प्रमुख नूर आलम महसूद के घर में चल रहे शादी समारोह के दौरान हुआ। बताया जा रहा है कि धमाके के वक्त मेहमान नाच-गाना कर रहे थे।

धमाके से गिरी छत, राहत कार्य में बाधा

धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कमरे की छत गिर गई। मलबा गिरने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं और मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचना मुश्किल हो गया। घटना के बाद जिला मुख्यालय अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई। खैबर पख्तूनख्वा रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि पांच शवों और 10 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। सूचना मिलते ही 7 एंबुलेंस, एक फायर ब्रिगेड वाहन और एक इमरजेंसी वाहन मौके पर भेजे गए।

इलाके की घेराबंदी, जांच शुरू

पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और घटना की गहन जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों में शांति समिति के नेता वहीदुल्ला महसूद उर्फ जिगरी महसूद भी शामिल हैं। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और प्रांत के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि हमले के जिम्मेदार लोगों को जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

पहले भी हो चुके हैं शांति समिति पर हमले

गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में हथियारबंद हमलावरों ने शांति समिति के चार सदस्यों की हत्या कर दी थी, जिससे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

यह भी देखें : भारत में रहते हुए शेख हसीना का बड़ा बयान, बांग्लादेश ‘अस्तित्व की लड़ाई’ में