February 4, 2026

एलन मस्क क्यों बंद कर रहे हैं Model S और Model X EV कारों का उत्पादन?

एलन मस्क क्यों बंद कर रहे हैं Model S और...

नई दिल्ली, 30 जनवरी : एलन मस्क की ईवी (EV) कंपनी टेस्ला अब कारों के बजाय ह्यूमनॉइड रोबोट (Humanoid Robot) के उत्पादन पर अधिक ध्यान केंद्रित करने जा रही है। कंपनी 2026 की दूसरी तिमाही से Model S और Model X का उत्पादन बंद करने की योजना बना रही है। एलन मस्क ने बताया कि यह फैसला 2025 की चौथी तिमाही के कमाई नतीजों के बाद लिया गया है।

उनके मुताबिक, अब इन दोनों मॉडलों को बंद करने का समय आ गया है। गौरतलब है कि टेस्ला ने Model S को 2012 और Model X को 2015 में लॉन्च किया था।

लगातार गिरती बिक्री बनी बड़ी वजह

पिछले कई वर्षों से टेस्ला की Model S और Model X की बिक्री में लगातार गिरावट देखी जा रही है। साल 2025 में वैश्विक स्तर पर इनकी बिक्री घटकर करीब 30 हजार यूनिट रह गई, जबकि टेस्ला की फ्रीमोंट (Fremont) फैक्ट्री की सालाना उत्पादन क्षमता एक लाख यूनिट है। इन दोनों मॉडलों को Lucid Air और Rivian R1S जैसे नए प्रतिद्वंद्वियों से कड़ी टक्कर मिल रही है। हालांकि कंपनी ने 2025 में दोनों कारों को अपग्रेड किया था, लेकिन बढ़ती कीमतों के चलते ग्राहकों की रुचि कम होती चली गई।

फ्रीमोंट फैक्ट्री में बनेंगे रोबोट

टेस्ला की फ्रीमोंट फैक्ट्री में अब Model S और Model X का उत्पादन नहीं होगा। कंपनी इस फैक्ट्री को अपने एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट के लिए तैयार करेगी। माना जा रहा है कि यहीं टेस्ला के ह्यूमनॉइड रोबोट Optimus का उत्पादन शुरू किया जाएगा। इससे साफ है कि कंपनी पुराने मॉडलों की बजाय भविष्य की तकनीक पर फोकस कर रही है।

Optimus पर टेस्ला का बड़ा दांव

टेस्ला लंबे समय से Optimus ह्यूमनॉइड रोबोट पर काम कर रही है और यह कंपनी की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। टेस्ला की योजना 2026 के अंत तक इसके उत्पादन की शुरुआत करने और 2027 तक इसकी बिक्री शुरू करने की है। एलन मस्क का मानना है कि Optimus उनकी कंपनी का सबसे महत्वपूर्ण उत्पाद साबित होगा, जिसमें xAI के उन्नत AI फीचर्स भी शामिल होंगे।

टेस्ला का भविष्य: AI और रोबोटिक्स

यह कदम दर्शाता है कि एक ईवी कंपनी के रूप में टेस्ला ने अपना मूल लक्ष्य हासिल कर लिया है दुनिया भर में इलेक्ट्रिक कारों को लोकप्रिय बनाना। मस्क का कहना है कि कारों में अब बड़ा नवाचार करने की गुंजाइश कम बची है, इसलिए वे समय और पूंजी को भविष्य की तकनीकों पर लगाना चाहते हैं। अब एलन मस्क की नजरें AI, ऑटोनॉमी और ह्यूमनॉइड रोबोट्स पर हैं। टेस्ला धीरे-धीरे सिर्फ एक कार कंपनी नहीं, बल्कि एक AI और रोबोटिक्स कंपनी के रूप में पहचानी जाएगी।

यह भी देखें : 8 वर्षों बाद ब्रिटिश प्रधानमंत्री का चीन दौरा, ब्रिटेन–चीन रिश्तों में नई शुरुआत