मुंबई, 1 फरवरी : मुंबई के पश्चिमी उपनगर जुहू में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोलीबारी की गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना दिन के शुरुआती घंटों में हुई, जिसके बाद इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारी के मुताबिक शुरुआती रिपोर्ट में सामने आया है कि अज्ञात हमलावरों ने इमारत की ओर चार राउंड फायर किए। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
जोनल पुलिस और क्राइम ब्रांच जांच में जुटी
पुलिस ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के समय फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी अपने घर में मौजूद थे या नहीं। घटना की सूचना मिलते ही जुहू पुलिस, जोनल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी गई है।
इमारत के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। साथ ही फोरेंसिक साइंस टीम भी मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।घटना के बाद पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

More Stories
फिल्म ‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज, राम-सीता के विवाह की झलक
शरत सक्सेना की सेहत को लेकर फैंस चिंतित, सर्जरी से पहले शेयर की MRI तस्वीरें
Golmaal 5 Release Date: ‘गोलमाल 5’ में फिर मिलेगा हंसी का डबल डोज, सामने आई फिल्म की रिलीज डेट