February 5, 2026

रवनीत बिट्टू ने कांग्रेस से की गद्दारी: राजा वड़िंग

रवनीत बिट्टू ने कांग्रेस से ...

चंडीगढ़, 5 फरवरी : पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भारतीय जनता पार्टी के नेता रवनीत सिंह बिट्टू पर जोरदार हमला बोला है। वड़िंग ने बिट्टू को “गद्दार” करार देते हुए कहा कि उसने उस पार्टी के साथ धोखा किया है जिसने उसे राजनीतिक पहचान और सब कुछ दिया। राजा वड़िंग ने कहा कि रवनीत बिट्टू के पूरे राजनीतिक सफर में कांग्रेस और खासतौर पर राहुल गांधी की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने बिट्टू को तीन बार लोकसभा सदस्य बनवाया। इतना ही नहीं, बिट्टू को इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बनाया गया।

पगड़ी पहनने की प्रेरणा भी राहुल गांधी से मिली

वड़िंग के मुताबिक राहुल गांधी ही वह नेता थे जिन्होंने रवनीत बिट्टू को पगड़ी पहनने के लिए प्रेरित किया था। उन्होंने कहा कि आज वही बिट्टू उसी कांग्रेस और उसके नेतृत्व के खिलाफ खड़ा नजर आ रहा है, जिसने उसे आगे बढ़ाया। राजा वड़िंग ने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा रवनीत बिट्टू का इस्तेमाल केवल सीमित समय के लिए कर रही है। उनके अनुसार भाजपा की नीति “यूज़ एंड थ्रो” वाली है और बिट्टू की भी एक “एक्सपायरी डेट” तय है, जिसके बाद उसकी राजनीतिक अहमियत खत्म हो जाएगी।

#TraitorBittu के साथ सोशल मीडिया पर हमला

वड़िंग ने सोशल मीडिया पर #TraitorBittu हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए कहा, “एक बार का गद्दार, हमेशा का गद्दार होता है।” इसके साथ ही उन्होंने एक पुराना वीडियो भी साझा किया, जिसमें रवनीत बिट्टू यह कहते नजर आ रहे हैं कि वह राहुल गांधी की वजह से पगड़ी पहनने लगे। यह बयान पंजाब की राजनीति में कांग्रेस और भाजपा के बीच बढ़ते टकराव को और तेज करने वाला माना जा रहा है।

यह भी देखें : हाईकोर्ट से पंजाब सरकार को झटका, नगर निगम–नगर काउंसिल चुनावों पर रोक