नई दिल्ली, 11 फरवरी : OpenAI ने अपने एआई प्लेटफॉर्म ChatGPT पर विज्ञापन (Ads) दिखाना शुरू कर दिया है। कंपनी ने पुष्टि की है कि फिलहाल यह फीचर सीमित यूज़र्स के लिए रोलआउट किया गया है। यूज़र्स के फीडबैक के आधार पर इसे चरणबद्ध तरीके से व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा। कंपनी के अनुसार, फिलहाल अमेरिकी यूज़र्स को विज्ञापन दिखाए जा रहे हैं।
Free और Go सब्सक्रिप्शन प्लान वाले यूज़र्स को ही ये विज्ञापन दिखाई देंगे, जबकि Plus, Pro, Business, Enterprise और Education प्लान इस्तेमाल करने वाले यूज़र्स को विज्ञापन नहीं दिखाए जाएंगे। OpenAI ने स्पष्ट किया है कि सभी विज्ञापन ‘Sponsored’ लेबल के साथ प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि किसी प्रकार का भ्रम न हो।
चैट के आधार पर दिखाए जाएंगे विज्ञापन
कंपनी विज्ञापनों को अधिक प्रासंगिक बनाने के लिए यूज़र्स की पिछली चैट और बातचीत के विषयों का विश्लेषण करेगी। उदाहरण के तौर पर, यदि कोई यूज़र कारों के बारे में चर्चा कर रहा है, तो उसे ऑटो सेक्टर से जुड़े विज्ञापन दिखाए जा सकते हैं। हालांकि, OpenAI का कहना है कि वह यूज़र्स की निजी जानकारी विज्ञापनदाताओं के साथ साझा नहीं करेगी। केवल विज्ञापनों से जुड़े व्यूज़ और क्लिक का डेटा ही साझा किया जाएगा।
क्यों शुरू किए गए विज्ञापन?
OpenAI के मुताबिक, विज्ञापनों से होने वाली आय से कंपनी को अपने इंफ्रास्ट्रक्चर की लागत कम करने में मदद मिलेगी। इससे फ्री प्लान इस्तेमाल करने वाले यूज़र्स को भी एडवांस्ड एआई फीचर्स उपलब्ध कराए जा सकेंगे। अगर कोई यूज़र बिना विज्ञापन के ChatGPT का उपयोग करना चाहता है, तो उसे पेड सब्सक्रिप्शन लेना होगा।
यूज़र अनुभव पर पड़ सकता है असर
विशेषज्ञों का मानना है कि ChatGPT में विज्ञापन शामिल होने से यूज़र एक्सपीरियंस पर असर पड़ सकता है। हालांकि, कंपनी का दावा है कि विज्ञापनों को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि वे मुख्य बातचीत में बाधा न डालें।

More Stories
मेटा ने सरकार को दिया प्रधानमंत्री के अकाउंट की सुरक्षा का ब्योरा, केंद्र सरकार को लिखी चिट्ठी
ई-रिक्शा चालकों को परेशान करने वाले 3 एप पर सरकार की सख्ती, एप स्टोर से हटाने के आदेश
वॉट्सएप के बाद टेलीग्राम और सिग्नल को भी नोटिस, यूजरनेम फीचर पर सरकार की सख्ती