April 4, 2026

ज्यादा गरम चाय-कॉफी बन सकती है खतरा? विशेषज्ञ की चेतावनी

ज्यादा गरम चाय-कॉफी बन सकती है खतरा...

नई दिल्ली, 13 फरवरी : अगर आपके दिन की शुरुआत भी भाप उड़ाती गरमा-गरम चाय या कॉफी से होती है, तो यह खबर आपके लिए अहम हो सकती है। न्यूट्रिशनिस्ट लीमा महाजन के अनुसार समस्या चाय या कॉफी में नहीं, बल्कि उनके अत्यधिक तापमान में छिपी है। बहुत ज्यादा गरम पेय पदार्थों का नियमित सेवन लंबे समय में गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है।

पेय नहीं, तापमान है असली वजह

अक्सर यह माना जाता है कि किसी खास खाद्य पदार्थ से कैंसर का खतरा बढ़ता है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि असली चिंता पेय या भोजन का बहुत ज्यादा गरम होना है। उबलती या बेहद गरम चीजें सीधे गले और भोजन नली (फूड पाइप) को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

जब हम लगातार अत्यधिक गरम चाय, कॉफी या खाना लेते हैं, तो इससे भोजन नली की अंदरूनी परत में जलन और सूक्ष्म चोटें हो सकती हैं। लंबे समय तक ऐसा होने पर “इसोफेगस स्क्वैमस सेल कार्सिनोमा” (Esophageal Squamous Cell Carcinoma) जैसे कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है, जो भोजन नली से जुड़ा एक प्रकार का कैंसर है।

रिसर्च क्या कहती है?

International Agency for Research on Cancer (IARC) ने बहुत ज्यादा गरम पेय पदार्थों के सेवन को ग्रुप 2A कार्सिनोजेनिक श्रेणी में रखा है। इसका अर्थ है कि उपलब्ध वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर यह “संभावित रूप से कैंसरकारी” माना जाता है।

घबराएं नहीं, लेकिन आदत बदलें

विशेषज्ञों का कहना है कि यह जोखिम अचानक नहीं बनता। एक दिन गरम चाय पीने से कैंसर नहीं होता, लेकिन वर्षों तक बहुत ज्यादा गरम पेय लेने की आदत खतरा बढ़ा सकती है। इसलिए सलाह दी जाती है कि चाय या कॉफी को थोड़ा ठंडा होने दें और फिर उसका सेवन करें। छोटी-सी सावधानी भविष्य में बड़ी बीमारी से बचा सकती है।

यह भी देखें : सिर्फ बच्चों को ही नहीं, बड़ों को भी हो सकते हैं पेट के कीड़े