April 14, 2026

तापसी पन्नू को हीरो ने करवा दिया फिल्म से बाहर, तापसी ने जताई नाराजगी

तापसी पन्नू को हीरो ने करवा दिया फिल्म...

नई दिल्ली, 28 फरवरी : बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू ने फिल्म इंडस्ट्री के कास्टिंग प्रोसेस को लेकर खुलकर अपनी बात रखी है। महिला प्रधान फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी के लिए पहचानी जाने वाली तापसी ने कहा कि इंडस्ट्री में हीरो का दबदबा इतना अधिक है कि कई बार वह निर्देशक से भी ज्यादा ताकतवर हो जाता है।

हीरो के फैसले पर निर्भर होती है कास्टिंग

तापसी पन्नू के अनुसार, कई फिल्मों में यह तय करने का अधिकार हीरो के पास होता है कि उसके साथ कौन सी अभिनेत्री काम करेगी। उन्होंने कहा कि ज्यादातर मामलों में हीरो ही अपनी को-स्टार चुनता है। तापसी ने कहा, “मुझे लगता है कि सबको पता है कि हीरो ही फैसला लेता है। यह स्थिति तभी बदलती है जब निर्देशक बहुत बड़ा और प्रभावशाली हो, क्योंकि कई बार निर्देशक खुद भी एक बड़ा स्टार होता है।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके बेबाक स्वभाव के कारण उन्हें कभी किसी फिल्म से बाहर किया गया है, तो उन्होंने बताया कि उन्हें कभी सीधे तौर पर कारण नहीं बताया गया। उन्होंने कहा, “कई बार कोई कह देता है कि ‘मैं उसके साथ काम नहीं करना चाहता’, लेकिन असली वजह स्पष्ट नहीं की जाती। मुझे बस इतना पता चलता है कि कई बार हीरो नहीं चाहता कि आप फिल्म का हिस्सा बनें।”

निर्देशक मजबूत हो तो बदल सकती है तस्वीर

तापसी ने यह भी कहा कि अगर निर्देशक अपने फैसले पर अडिग रहे तो कास्टिंग का समीकरण बदल सकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए फिल्म डंकी का जिक्र किया। फिल्म डंकी में काम करने के अनुभव को साझा करते हुए तापसी ने बताया कि यह निर्देशक राजकुमार हिरानी के भरोसे की वजह से संभव हो पाया। उन्होंने कहा, “जब राजू सर मुझे फिल्म में चाहते थे, तब मैं फिल्म में थी।

यह शायद सभी के लिए बड़ा झटका था, क्योंकि मैं शाहरुख खान की रेगुलर पेयरिंग सर्किट का हिस्सा नहीं हूं।” तापसी ने साफ किया कि अगर निर्देशक का विश्वास मजबूत हो, तो कास्टिंग में बदलाव संभव है, वरना अक्सर हीरो का फैसला ही अंतिम माना जाता है।