चंडीगढ़, 12 मार्च : पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण पैदा हुए गैस संकट का असर अब पंजाब में भी दिखाई देने लगा है। पिछले लगभग 36 घंटों से गैस कंपनियों के सर्वर बंद होने के कारण घरेलू एलपीजी की ऑनलाइन बुकिंग ठप हो गई है। इस स्थिति के चलते गैस एजेंसियां स्टॉक होने के बावजूद सिलेंडर की डिलीवरी नहीं कर पा रही हैं।
होटल और मैरिज पैलेस पर पड़ा असर
गैस की कमी के चलते राज्य के होटल, रेस्टोरेंट और मैरिज पैलेस संचालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई मैरिज पैलेस मालिक अब कार्यक्रमों की बुकिंग शर्तों के साथ कर रहे हैं, जबकि होटल संचालकों ने मेन्यू में से कई व्यंजन कम कर दिए हैं। पंजाब में करीब 16 हजार होटल, रेस्टोरेंट और रिजॉर्ट तथा लगभग 6 हजार मैरिज पैलेस हैं। अनुमान के अनुसार एक होटल में रोजाना औसतन 4 से 6 गैस सिलेंडरों की खपत होती है। इस हिसाब से होटल उद्योग को प्रतिदिन करीब 64 हजार सिलेंडरों की आवश्यकता पड़ती है।
सर्वर बंद होने से डिलीवरी रुकी
गैस एजेंसी डीलरों की एसोसिएशन ने इस समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों से संपर्क किया है। फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ पंजाब के अध्यक्ष गुरपाल सिंह मान के अनुसार एजेंसियों के पास गैस का स्टॉक मौजूद है, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग बंद होने के कारण डिलीवरी देना संभव नहीं हो पा रहा।
दूसरी ओर भारत पेट्रोलियम ने दावा किया है कि गैस की आपूर्ति जल्द सामान्य हो जाएगी और फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पंजाब में इस समय करीब 96.3 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना के कारण आम घरों की निर्भरता भी गैस पर काफी बढ़ गई है।
जिलों में एजेंसियों को निर्देश
डिप्टी कमिश्नरों ने कई जिलों में गैस एजेंसियों को घरेलू गैस का न्यूनतम आरक्षित कोटा बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। राज्य में लगभग 980 गैस एजेंसियां हैं और पंजाब में हर महीने करीब 28 से 30 लाख गैस सिलेंडरों की खपत होती है।
कमर्शियल गैस सप्लाई भी प्रभावित
कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। केवल लुधियाना जिले में ही हर महीने लगभग 6 हजार टन वाणिज्यिक गैस की खपत होती है। अमृतसर, जालंधर, होशियारपुर और मोहाली में भी कमर्शियल गैस की मांग अधिक है। फिलहाल कई होटलों के पास केवल दो से तीन दिन का ही गैस स्टॉक बचा है।
होटल, रेस्टोरेंट और रिजॉर्ट एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष सतीश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार को होटल उद्योग के लिए गैस आपूर्ति की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि उसी के अनुसार आगे की योजना बनाई जा सके।
यह भी देखें : स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव लोकसभा में खारिज

More Stories
पंजाब का बजट हर वर्ग के कल्याण और विकास को सुनिश्चित करेगा: मोहिंदर भगत
विधायकों को ‘बंधुआ मजदूर’ कहने पर खैहरा के खिलाफ विधानसभा में प्रस्ताव पेश
माइनिंग सुधारों और पोटाश की खोज से पंजाब को अधिक की आय संभव: बरिंदर कुमार गोयल