March 21, 2026

टी.एम.सी. का घोषाणापत्र जारी, ममता दीदी के जनता से 10 वादे

टी.एम.सी. का घोषाणापत्र जारी...

कोलकाता, 21 मार्च : ममता बनर्जी ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) का विधानसभा चुनावों के लिए घोषणापत्र जारी किया। कालीघाट स्थित अपने आवास से जारी इस मैनिफेस्टो में उन्होंने “10 वादे” पूरे करने का संकल्प दोहराया और खास तौर पर महिलाओं, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर जोर दिया।

‘दुआरे चिकित्सा’ योजना का ऐलान

ममता बनर्जी ने घोषणा की कि अगर पार्टी चौथी बार सत्ता में आती है तो “दुआरे चिकित्सा” योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत हर बूथ और ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाकर लोगों को घर के पास ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। घोषणापत्र में कहा गया है कि आने वाले वर्षों में राज्य के सभी कच्चे घरों को पक्के मकानों में बदला जाएगा, ताकि लोगों को सुरक्षित आवास मिल सके। राज्य सरकार ने वादा किया है कि अगले 1–2 वर्षों के भीतर हर घर तक नल के पानी का कनेक्शन पहुंचाया जाएगा।

शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव

ममता बनर्जी ने हजारों आधुनिक स्कूल बनाने और मौजूदा स्कूलों को अपग्रेड करने का ऐलान किया। स्कूलों में ई-लर्निंग सुविधाएं दी जाएंगी और शिक्षकों की नई भर्ती भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 15 वर्षों में 7 नए जिले बनाए गए हैं। आने वाले समय में 7 से 10 और नए जिले, कई नए ब्लॉक, सब-डिवीजन और नगरपालिकाएं बनाई जाएंगी।

‘लक्ष्मी भंडार’ योजना जारी रहेगी

महिलाओं के लिए चल रही लक्ष्मी भंडार योजना को जारी रखने का भरोसा दिया गया है। हाल ही में इसमें ₹500 की बढ़ोतरी की गई है।

  • सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹1500 प्रति माह
  • SC/ST वर्ग की महिलाओं को ₹1700 प्रति माह

बेरोजगार युवाओं के लिए आर्थिक सहायता

युवश्री योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को ₹1500 प्रति माह दिए जाएंगे, जिससे उन्हें आर्थिक सहारा मिल सके। ममता बनर्जी ने बिना नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग बार-बार कोर्ट केस करके शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में बाधा डालते हैं, जिससे हजारों नियुक्तियां अटक जाती हैं।