April 23, 2026

बेंगलुरु में सनसनीखेज वारदात: प्रेमिका ने प्रेमी को जिंदा जलाया

बेंगलुरु में सनसनीखेज वारदात...

बेंगलुरु, 23 अप्रैल : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवती ने अपने ही प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि 29 वर्षीय किरण की हत्या उसकी प्रेमिका प्रेमा ने की, क्योंकि वह अपनी पूर्व प्रेमिका के करीब जा रहा था और प्रेमा से शादी करने से इनकार कर रहा था। पुलिस के अनुसार, प्रेमा ने हत्या के लिए बेहद सुनियोजित योजना बनाई थी। उसने किरण को ‘रोल प्ले’ के बहाने अपने घर बुलाया। खेल-खेल में उसने किरण के हाथ-पैर रस्सियों से बांध दिए। जब वह पूरी तरह असहाय हो गया, तो प्रेमा ने उस पर मिट्टी का तेल (केरोसिन) डालकर आग लगा दी।

रिश्ते में तनाव बना हत्या की वजह

जांच में सामने आया है कि प्रेमा और किरण एक मोबाइल सर्विस स्टोर में साथ काम करते थे और लंबे समय से रिश्ते में थे। प्रेमा शादी करना चाहती थी, लेकिन किरण उससे दूरी बना रहा था। प्रेमा को किरण के फोन में उसकी पूर्व प्रेमिका के जन्मदिन की तस्वीरें मिलीं, जिससे वह बेहद गुस्से में थी। हत्या के बाद प्रेमा घर से बाहर भागी और शोर मचाने लगी कि किरण को आग लग गई है। उसने पड़ोसियों से मदद भी मांगी ताकि घटना को हादसा साबित किया जा सके। लेकिन जब किरण के पिता नरसिम्हैया ने सख्ती से पूछताछ की, तो प्रेमा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पहले से की थी पूरी तैयारी

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने हत्या के लिए पहले से पेट्रोल, केरोसिन और रस्सियों का इंतजाम कर रखा था। इससे साफ है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी प्रेमा को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

यह भी देखें : आनलाइन गेमिंग पर सरकार ने कसा शिकंजा, 1 मई से रिजस्ट्रेशन जरूरी