April 23, 2026

IRS अधिकारी की बेटी से रेप के बाद की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

IRS अधिकारी की बेटी से रेप के बाद ...

नई दिल्ली, 23 अप्रैल : दक्षिण दिल्ली के Amar Colony इलाके में 22 वर्षीय युवती के साथ हुई हत्या और यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पीड़िता एक आईआईटी ग्रेजुएट और वरिष्ठ IRS अधिकारी की बेटी थी। पुलिस के अनुसार, घटना 21 अप्रैल की सुबह की है, जब पीड़िता घर में अकेली थी और उसके माता-पिता बाहर गए हुए थे। आरोपी Rahul Meena, जो पहले घर में घरेलू मदद के रूप में काम कर चुका था, कथित तौर पर घर में दाखिल हुआ और सीधे छत पर बने स्टडी रूम में पहुंच गया, जहां पीड़िता मौजूद थी। जांच के मुताबिक, जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने भारी लैम्प से उस पर हमला किया, जिससे वह बेहोश हो गई।

गेमिंग की लत और कर्ज बना कत्ल की वजह

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि राहुल मीणा ऑनलाइन गेमिंग का बुरी तरह आदी था। इस लत के कारण वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था और अक्सर आसपास के अन्य घरेलू सहायकों से पैसे उधार मांगता रहता था। इसी व्यवहार की वजह से उसे दो महीने पहले काम से निकाल दिया गया था। नौकरी जाने का गुस्सा और कर्ज चुकाने का दबाव उसे अपराध की ओर ले गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कल सुबह घर से करीब 2.5 लाख रुपये नकद भी लूटे थे।

फिंगरप्रिंट से लॉकर खोलने की कोशिश

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बेहोश पीड़िता को घसीटकर नीचे लाया, जहां बायोमेट्रिक लॉकर रखा था। उसने पीड़िता के अंगूठे के निशान से लॉकर खोलने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी ने पेचकस की मदद से लॉकर तोड़ा और उसमें से नकदी व गहने चुरा लिए। वारदात के बाद उसने अपने खून से सने कपड़े और चप्पल बदल लिए और मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लगातार अपने बयान बदल रहा है, जिससे उसके असली मकसद को लेकर जांच जारी है।

यह भी देखें : बेंगलुरु में सनसनीखेज वारदात: प्रेमिका ने प्रेमी को जिंदा जलाया