चंडीगढ़, 27 अप्रैल : राजनीतिक माहौल उस समय गर्म हो गया जब आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने की खबर के बाद विपक्षी दलों में हलचल तेज हो गई। कांग्रेस इसे अपने लिए फायदेमंद स्थिति के रूप में देख रही है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक हालात कांग्रेस के पक्ष में जा रहे हैं और आने वाले समय में उनकी पार्टी ही पंजाब की सबसे भरोसेमंद राजनीतिक ताकत बनकर उभरेगी।
‘सरकार विफल, जनता नाराज़’ का आरोप
वड़िंग ने कहा कि राज्य में एंटी-इन्कम्बेंसी का माहौल है। उनके अनुसार, नशे और गैंगस्टरवाद जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है, जिसका असर जनता में साफ दिखाई दे रहा है। कांग्रेस का दावा है कि राजनीतिक दलों के भीतर चल रहे बदलाव और नेताओं के दल-बदल को आम जनता भी देख रही है। पार्टी इसे “ऑपरेशन लोटस” के रूप में देख रही है और इसे राजनीतिक अस्थिरता का संकेत बता रही है।
भाजपा और अकाली दल के समीकरण पर नजर
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मौजूदा हालात में भाजपा और अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन की चर्चाएं कमजोर पड़ गई हैं। ग्रामीण इलाकों में मजबूत पकड़ होने के कारण कांग्रेस को वहां बढ़त मिलने की उम्मीद है। वड़िंग ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा में अन्य दलों से आए नेताओं की संख्या बढ़ रही है, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। कांग्रेस का कहना है कि हालांकि भाजपा में गए सांसदों का पंजाब में सीधा जनाधार नहीं है, लेकिन इससे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित हुआ है।

More Stories
‘आप’ पर एक ओर संकट, पंचों, सरपंचों व चेयरमैनों ने दी इस्तीफों की चेतावनी
सात सांसदों के जाने के बाद ‘आप’ में विधायकों के टूटने का डर
अकाली दल वारिस पंजाब का पंथक सरकार बनाने का आह्वान, अमृतपाल सिंह होंगे CM चेहरा