नई दिल्ली, 28 अप्रैल: मुंबई के पायधुनी इलाके में रविवार को हुई एक दर्दनाक घटना ने सभी को हैरान कर दिया। एक ही परिवार के चार सदस्य बिरयानी और तरबूज खाने के बाद बीमार पड़ गए और उनकी मौत हो गई। मृतकों का इलाज करने वाले जे.जे. अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि चारों में गंभीर फूड पॉइजनिंग के लक्षण पाए गए थे। साथ ही, उनके किडनी से जुड़ी गंभीर समस्याएं भी सामने आईं।
हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि सिर्फ तरबूज खाने से इतनी गंभीर फूड पॉइजनिंग होना लगभग असंभव है। उन्होंने संकेत दिया कि इसके पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है।
डॉक्टरों के अनुसार, जब तक हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक किसी भी संभावना को पूरी तरह से नकारा नहीं जा सकता। जे.जे. मार्ग थाना ने फिलहाल आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पूरा मामला क्या है?
शनिवार रात मुंबई के पायधुनी इलाके में रहने वाले अब्दुल्ला और उनके परिवार के तीन अन्य सदस्यों की कथित फूड पॉइजनिंग से मौत हो गई। परिवार ने रात करीब 10:30 बजे पांच अन्य रिश्तेदारों के साथ बिरयानी खाई थी। रिश्तेदारों के जाने के बाद रात करीब 1:30 बजे परिवार के सभी सदस्यों ने तरबूज खाया। रविवार तड़के करीब 5 बजे सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई।
हालत बिगड़ने पर पड़ोस के डॉक्टर जियाद कुरैशी ने प्राथमिक जांच के बाद सभी को तुरंत जे.जे. अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने के बाद छोटी बेटी जैनब की सुबह करीब 10:15 बजे मौत हो गई। इसके बाद मां नसरीन और बड़ी बेटी आयशा भी इलाज के दौरान नहीं बच सकीं। पिता अब्दुल्ला की मौत रात करीब 10:30 बजे हुई। पुलिस ने आधा खाया हुआ तरबूज लैब जांच के लिए भेज दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
मुंबई पुलिस के डिप्टी कमिश्नर प्रवीण मुंडे के अनुसार, फोरेंसिक टीम और फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन विभाग जहर या मिलावट की संभावना की जांच कर रहे हैं। वहीं, जे.जे. अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में बैक्टीरिया और संक्रमण की जांच जारी है। फिलहाल सभी की नजर हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

More Stories
रूस ने निभाई दोस्ती: भारत के लिए चौथा S-400 रवाना, रक्षा ताकत होगी और मजबूत
लेफ्टिनेंट जनरल बलबीर सिंह 15 कोर के जीओसी का पद संभालने को तैयार
मुंबई में गार्डस पर हमला, कलमा नहीं पढ़ सके तो चाकू मारे