April 30, 2026

अमेरिका : स्टोर में आग लगने से दो भारतीय मूल के लोगों की मौत

अमेरिका : स्टोर में आग लगने से दो भारतीय...

टेक्सास, 30 अप्रैल : अमेरिका के टेक्सास में एक फूड स्टोर में भीषण आग लगने से दो भारतीय मूल के लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में हरियाणा के 22 वर्षीय युवक सुखविंदर और पंजाब के मोहाली निवासी स्टोर मालिक विक्रांत की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, आग लगने के समय दोनों स्टोर के अंदर सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला। फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक पूरा स्टोर जलकर राख हो चुका था।

मृतकों की पहचान

मृतकों में एक की पहचान हरियाणा के करनाल जिले के गंगाथेड़ी गांव निवासी सुखविंदर (22) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था और 12वीं तक पढ़ाई करने के बाद बेहतर भविष्य की तलाश में अमेरिका गया था। परिवार ने उसे डंकी रूट के जरिए अमेरिका भेजने में लगभग 50 लाख रुपये खर्च किए थे। सुखविंदर पिछले चार वर्षों से अमेरिका में रहकर काम कर रहा था। दूसरे मृतक विक्रांत पंजाब के मोहाली के रहने वाले थे। वे अमेरिका में स्थायी निवास (PR) प्राप्त कर चुके थे और टेक्सास में फूड स्टोर चला रहे थे। उनके दो बच्चे हैं।

टेक्सास पुलिस के अनुसार आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के मुताबिक, स्टोर में काम करने वाला एक अन्य कर्मचारी उस दिन वहां मौजूद नहीं था, जिससे उसकी जान बच गई। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। सुखविंदर के पिता, जो किसान हैं, ने बताया कि उन्होंने बेटे को विदेश न जाने के लिए भी समझाया था, लेकिन वह परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए अमेरिका गया था।

गांव में शोक का माहौल

गांव में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है और लोग परिवार से मिलने पहुंच रहे हैं। दोनों मृतकों के बीच काम के दौरान अच्छे संबंध बताए जा रहे हैं, और वे साथ ही स्टोर में रहते और काम करते थे।

यह भी देखें : भारतीय मूल की आबादी ने ऑस्ट्रेलिया में इंग्लैंड को पछाड़ा