June 10, 2026

होर्मुज में अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर ईरान ने मार गिराया, ट्रंप बोले- ईरान को देना होगा जवाब

ट्रंप

चंडीगढ़, 9 जून 2026: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में गश्त कर रहे अमेरिकी सेना के एक अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिराया।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें अमेरिकी सेना से इस घटना की जानकारी मिली है। उनके मुताबिक बीती रात स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के ऊपर नियमित गश्त के दौरान ईरान ने अमेरिकी सेना के अत्याधुनिक AH-64 अपाचे हेलीकॉप्टर को निशाना बनाया।

ट्रंप ने कहा, “ईरानियों ने हमारे अपाचे हेलीकॉप्टरों में से एक को मार गिराया। हेलीकॉप्टर में मौजूद दोनों पायलट सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। इसके बावजूद अमेरिका को इस हमले का जवाब देना होगा।”

हेलीकॉप्टर के गिरने के बाद राहत अभियान तुरंत शुरू किया गया। ट्रंप के अनुसार एक ड्रोन बोट मौके पर पहुंची और दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।

इस बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने भी पुष्टि की है कि ओमान के तट के पास नियमित गश्त के दौरान एक AH-64 अपाचे हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हालांकि सेंटकॉम ने दुर्घटना की वजह सार्वजनिक नहीं की है।

सेंटकॉम ने कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी का शिकार हुआ या उस पर हमला किया गया था।

ये भी देखें: ईरान-अमेरिका समझौते पर बढ़ी उम्मीदें, ट्रंप ने भेजा संशोधित प्रस्ताव