चंडीगढ़, 11 जुलाई 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण की 3 घंटे चली बैठक में पंचकूला के विकास पर विस्तृत समीक्षा एवं चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक पार्क में विशेषकर बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या से निजात पाने के लिए रिचार्ज वेल लगाए जाएं। इसके अलावा पार्कों में ट्रीटेड वाटर ही का प्रयोग किया जाए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ में पीएमडीए की चौथी बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण के तहत आने वाले कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और भविष्य की योजनाओं को मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि पंचकूला को नम्बर वन सिटी बनाया जाए। इसके लिए व्यापक स्तर की कार्ययोजना बनाकर मूर्तरूप दिया जाए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी पंचकूला को स्लम फ्री बनाने के लिए कार्य करें। इसके लिए जगह का चयन कर फ्लैट बनाने की विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाए ताकि पात्र परिवारों को फ्लैट की सुविधा सुलभ करवाई जा सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों को उच्च स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सेक्टरों में सफाई, सीवरेज, सड़कें और पानी आदि की सुविधाएं नगर निगम की देखरेख में की जाएंगी।
इसके अलावा पीएमडीए सेक्टरों को डिवाइड करने वाली सड़कों, स्टॉर्म वाटर का कार्य देखेगा। एचएसवीपी पानी के बिल एकत्र करने के अलावा बिक्री न हुई संपत्ति तथा 25 प्रतिशत बने हुए मकानों में साफ-सफाई की देखरेख करेगा।
यह भी देखें: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज अम्बाला कैंट में एशिया के सबसे बड़े शहीदी स्मारक का अवलोकन करेंगे

More Stories
हरियाणा के आम अब वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने का लक्ष्य – नायब सिंह सैनी
गो-तस्करों से मुड़ते हुए शहीद हुए एसआई मुकेश फोगाट को पूरे राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
हिसार को जाम मुक्त और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में गठित कमेटी की बैठक आयोजित