August 19, 2026

मिसाइल हमलों के बाद UAE ने ईरान के साथ व्यापारिक-वित्तीय लेन-देन पर लगाई रोक

क्रूज मिसाइल का सफल फ़्लाइट-टेस्ट

अबू धाबी, 18 अगस्त 2026: मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने ईरान के साथ सभी प्रकार के व्यापारिक और वित्तीय लेन-देन को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की घोषणा की है। UAE के विदेश मंत्रालय की संचार निदेशक अफरा अल हामेली ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है और यह रोक अगली सूचना तक जारी रहेगी।

यह कड़ा फैसला UAE की ओर से ईरान पर समुद्री सीमा के भीतर और बाहर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागने के आरोप के बाद आया है। UAE के रक्षा मंत्रालय के अनुसार उनकी एयर डिफेंस प्रणाली ने ईरान की तरफ से आती दो बैलिस्टिक मिसाइलों को ट्रैक किया जो समुद्री जहाजों को निशाना बना रही थीं और समुद्र में गिरीं।

इस घटना के दौरान स्थानीय निवासियों को संभावित मिसाइल हमले की चेतावनी देने वाला आपातकालीन फोन अलर्ट जारी कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया। हालांकि यह अलर्ट कुछ समय बाद हटा लिया गया।

दूसरी ओर ईरान ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। तेहरान में ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा कि UAE के दावे पूरी तरह से बेबुनियाद हैं और ऐसे आरोप क्षेत्रीय सुरक्षा प्रयासों को नुकसान पहुंचाते हैं।

ये भी देखें: ईरानी सेना का ऐलान, अमेरिकी सैनिक को मारने या पकड़ने पर 30 हजार डॉलर इनाम