November 28, 2026

मायावती ने 33% महिला आरक्षण का स्वागत किया, एससी-एसटी महिलाओं के लिए अलग कोटे की मांग

मायावती

चंडीगढ़, 28 नवंबर 2026: बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने 33% महिला आरक्षण का स्वागत किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा की है। मायावती ने लिखा है कि बीएसपी शुरू से ही देश में सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा सहित उन्हें राजनीति में भी उचित आदर अवसर दिये जाने की पक्षधर रही है। इसीलिए देश की लोकसभा व राज्यों की विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण को जल्द से जल्द लागू करने की माँग लगातार करती रही है। इस बारे में केंद्र सरकार के ताजा फैसले का स्वागत भी करती है।

मायावती ने लिखा है कि अच्छा बल्कि ऐतिहासिक होता अगर सदियों से शोषित-पीड़ित व उपेक्षित रहीं खासकर एससी व एसटी समाज की महिलाओं को इसी में ही अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था कर दी जाती। ताकि संकीर्ण जातिवादी धन व बाहुबल आदि से ग्रसित यहां की चुनावी राजनीति में उन्हें भी सही से भाग लेकर थोड़ा आगे बढ़ने का मौका मिल जाता। तो यह निश्चय ही देश व जनहित की बेहतर बात होती। इस पर केंद्र सरकार अभी भी सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ले तो यह जरूर ही उचित व न्यायपूर्ण भी होगा।

पूर्व सीएम ने लिखा है कि वैसे देश की लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभा में मौजूदा सीट संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि आदि से संबंधित तीन विधेयकों तथा तत्संबंधी परिसीमन निर्धारण करने के दौरान में सीटों की सीमा तय करने में गड़बड़ी करके राजनीतिक व चुनावी स्वार्थ की पूर्ति करने का आरोप कोई नई बात नहीं है।

ये भी देखें: टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लोकसभा स्पीकर ने जारी किया नोटिस, सात दिनों में मांगा जवाब