चंडीगढ़, 27 मार्च : पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) ने भगवंत मान सरकार के चार साल पूरे होने पर राज्यभर में बड़े जन अभियान की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने बताया कि अगले 10 दिनों में 16,000 जनसभाओं, रैलियों और नुक्कड़ बैठकों के जरिए सरकार का रिपोर्ट कार्ड हर गाँव, गली और घर तक पहुँचाया जाएगा।अमन अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस अभियान में मंत्री, विधायक, चेयरमैन, सरपंच, पंच, एमसी, जिला प्रधान और पार्टी के वालंटियर सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य सरकार के कामों को सीधे जनता तक पहुँचाना है।
केजरीवाल की विचारधारा पर आधारित अभियान
अरोड़ा ने कहा कि यह अभियान अरविंद केजरीवाल की ईमानदार और काम-आधारित राजनीति की विचारधारा से प्रेरित है। उन्होंने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में पंजाब में जितना काम हुआ है, उतना पहले 70 सालों में नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि राज्य में अब हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है। साथ ही 881 आम आदमी क्लीनिक पहले से चल रहे हैं और जल्द ही इनकी संख्या 1000 तक पहुंचाई जाएगी। सरकार ने स्कूलों और अस्पतालों के बुनियादी ढांचे में भी सुधार का दावा किया है।
खेल और बुनियादी ढांचे पर जोर
अमन अरोड़ा के मुताबिक, पंजाब में 3,000 खेल स्टेडियम बन चुके हैं और 6,000 से अधिक निर्माणाधीन हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गांव में खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाना है ताकि युवा नशे से दूर रह सकें। अरोड़ा ने कहा कि राज्य का जीएसटी कलेक्शन 12,000 करोड़ से बढ़कर 30,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
आबकारी राजस्व भी 27,000 करोड़ से बढ़कर करीब 57,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि अब तक 65,000 से अधिक सरकारी नौकरियां मेरिट के आधार पर दी गई हैं।
कृषि और बिजली सुविधाओं में सुधार
सरकार का दावा है कि नहर का पानी अब खेतों के अंतिम छोर तक पहुंच रहा है और भूजल स्तर में भी सुधार हुआ है। किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे उन्हें रात में खेतों में नहीं रुकना पड़ता। अरोड़ा ने कहा कि सरकार ने अपनी प्रमुख गारंटियों को पूरा किया है। शहीद सैनिकों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये की सहायता और हर घर को 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। नए बजट में महिलाओं के लिए 1000 रुपये और दलित महिलाओं के लिए 1500 रुपये मासिक सहायता का प्रावधान भी किया गया है।
जनता के फैसले का सम्मान
अंत में अरोड़ा ने कहा कि पार्टी को अपने काम पर भरोसा है और वह जनता से समर्थन की अपेक्षा करती है। उन्होंने कहा कि अगर जनता संतुष्ट नहीं है, तो पार्टी उनके फैसले का सम्मान करेगी।

More Stories
हलकी बारिश से मौसम हुआ सुहावना, तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट
पुलिस ने 7 किलो हेरोइन सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया
सुप्रीम कोर्ट में ब्यान दर्ज करवाने वतन लौटा था पठानमाजरा, हो गया गिरफ्तार