July 15, 2026

परवाणू सेब मंडी में भयंकर हादसा, ब्रेक फेल होने से ट्रक ने तीन अन्य ट्रकों को ठोकरा, चालक गंभीर घायल

accident

परवाणू, 15 जुलाई 2026: टर्मिनल सेब मंडी परवाणू में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से लदे एक ट्रक के अचानक ब्रेक फेल हो गए।

नियंत्रण खो चुके ट्रक ने मंडी में खड़े तीन अन्य ट्रकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे में सीमेंट ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और घायल चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला।

उसे प्राथमिक उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल, परवाणू ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए चंडीगढ़ के जीएमसीएच सेक्टर-32 रेफर कर दिया।

हादसा इतना अचानक हुआ कि मंडी परिसर में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस हादसे में मंडी में मौजूद किसी अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई।

डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसा ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण हुआ।

ये भी देखें: घुमारवीं के सकरोहा में हादसा, 16 वर्षीय छात्र अरमान सिंह की मणि खड्ड में डूबने से मौत