April 23, 2026

ईरान से जंग के बीच अमरीका के नौसना सचिव जॉन फेलन ने दिया इस्तीफा

ईरान से जंग के बीच अमरीका के नौसना...

वाशिंगटन, 23 अप्रेल : जॉन फेलन ने ट्रंप प्रशासन से अचानक इस्तीफा दे दिया है। पेंटागन ने बुधवार को बयान जारी कर पुष्टि की कि फेलन तत्काल प्रभाव से अपना पद छोड़ रहे हैं, हालांकि इस फैसले के पीछे का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया। यह इस्तीफा ऐसे समय पर आया है जब होरमुज़ जलडमरूमध्य में तनाव और ईरान के साथ नाजुक युद्धविराम की स्थिति बनी हुई है। इस वजह से यह घटनाक्रम और भी अहम माना जा रहा है।

पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पारनेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक संक्षिप्त बयान में फेलन की सेवाओं के लिए धन्यवाद दिया और उनके इस्तीफे की जानकारी दी। फेलन ने इस्तीफा उस दिन दिया जब उन्होंने वॉशिंगटन डीसी में नौसेना की वार्षिक कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया था और मीडिया से अपने एजेंडे पर चर्चा की थी। इससे उनके अचानक निर्णय ने और भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

रक्षा विभाग में लगातार बदलाव

यह इस्तीफा पीट हेगसेथ द्वारा सेना के शीर्ष अधिकारी जनरल रैंडी जॉर्ज को हटाए जाने के कुछ हफ्तों बाद आया है। हेगसेथ के कार्यकाल में कई वरिष्ठ जनरलों, एडमिरलों और रक्षा अधिकारियों को पद से हटाया जा चुका है। फेलन डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव अभियान के प्रमुख दानदाताओं में शामिल रहे हैं। उन्होंने ‘रगर मैनेजमेंट एलएलसी’ नामक निजी निवेश फर्म की स्थापना की थी। इसके अलावा, वह स्पिरिट ऑफ अमेरिका नामक संस्था से भी जुड़े रहे, जो यूक्रेन और ताइवान की रक्षा सहयोग गतिविधियों में सक्रिय है। फिलहाल फेलन के इस्तीफे के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, जिससे राजनीतिक और रणनीतिक हलकों में अटकलों का दौर जारी है।