April 28, 2026

संयुक्त राष्ट्र में रूस ने कहा, ईरान को होर्मुज स्ट्रेट के नियंत्रण का अधिकार

संयुक्त राष्ट्र में रूस ने कहा, ईरान को होर्मुज स्ट्रेट...

न्यूयार्क, 28 अप्रैल : रूस ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान के अधिकारों का समर्थन किया है। संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजदूत वसीली नेबेंजिया ने कहा कि इस रणनीतिक जलमार्ग पर ईरान को नियंत्रण और आवाजाही को सीमित करने का अधिकार है। रूस के इस रुख को अमेरिका, पश्चिमी देशों, और एशिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं भारत और चीनके लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। यह बयान अंतरराष्ट्रीय समुद्री राजनीति में नए तनाव को जन्म दे सकता है।

रूस का पश्चिमी देशों पर आरोप

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है और यह दुनिया के लगभग 20% तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) के परिवहन का प्रमुख मार्ग है। किसी भी तरह की बाधा का सीधा असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ता है।रूसी राजदूत ने पश्चिमी देशों पर पाखंड और “समुद्री डकैती” जैसे गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कुछ यूरोपीय देश काला सागर में रूसी व्यापारिक जहाजों पर हमलों का समर्थन कर रहे हैं, जो अंतरराष्ट्रीय कानूनों के खिलाफ है।

ईरान के कदमों का बचाव

नेबेंजिया ने यह भी कहा कि युद्ध की स्थिति में कोई भी तटीय देश अपनी सुरक्षा के लिए अपने क्षेत्रीय जल में जहाजों की आवाजाही को नियंत्रित करने का अधिकार रखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान पर एकतरफा जिम्मेदारी डालने की कोशिश की जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि रूस के इस बयान से पश्चिमी देशों और ईरान के बीच तनाव और बढ़ सकता है। साथ ही, वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और कूटनीतिक संतुलन पर भी इसका व्यापक असर पड़ सकता है।

यह भी देखें : शांति के लिए ईरान का नया प्रस्ताव ट्रंप को मंजूर नहीं, तनाव बरकरार