बोगोटा, 26 अप्रैल : दक्षिण-पश्चिम कोलंबिया में शनिवार को एक दर्दनाक आतंकी हमला हुआ, जिसमें एक बस को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में 13 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 38 लोग घायल हो गए। यह हमला उस समय हुआ जब बस काजिबियो (Cajibio) इलाके में पैन-अमेरिकन हाईवे से गुजर रही थी। क्षेत्रीय अधिकारियों के अनुसार, विस्फोटक उपकरण पहले से बस में या उसके पास लगाया गया था।
बच्चों सहित कई घायल
काउका हेल्थ विभाग की सचिव के मुताबिक घायलों में पांच बच्चे भी शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। कोलंबियाई सेना प्रमुख जनरल ह्यूगो लोपेज ने इस घटना को “आतंकी हमला” बताया। उन्होंने इसके पीछे ड्रग तस्करी से जुड़े सशस्त्र समूहों को जिम्मेदार ठहराया। अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि यह हमला FARC dissidents से जुड़े गुटों द्वारा किया गया, जिनमें “इवान मोर्दिस्को” और “जैमे मार्टिनेज” जैसे नेटवर्क शामिल हैं। ये समूह 2016 के शांति समझौते से अलग होकर सक्रिय हैं।
कई जगहों पर लगातार धमाके
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेत्रो ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह हमला निर्दोष नागरिकों, खासकर आदिवासी लोगों को निशाना बनाकर किया गया है। पिछले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिम कोलंबिया में करीब 26 हमले दर्ज किए गए हैं। इनमें पुलिस स्टेशन पर फायरिंग, ड्रोन से विस्फोटक हमले और सैन्य ठिकानों के पास बम धमाके शामिल हैं। यह पूरा इलाका अवैध हथियारबंद समूहों के बीच संघर्ष का केंद्र बना हुआ है, जो ड्रग तस्करी के रास्तों और बंदरगाह Buenaventura पर नियंत्रण के लिए लड़ रहे हैं
यह भी देखें : एफ.बी.आई. डायरैक्टर काश पटेल से नाराज व्हाइट हाऊस, पद से हो सकती है छुट्टी

More Stories
ईरान में इंटरनेट पाबंदी से गहराया संकट, लाखों नौकरियां समाप्त
एफ.बी.आई. डायरैक्टर काश पटेल से नाराज व्हाइट हाऊस, पद से हो सकती है छुट्टी
व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान फायरिंग, राष्ट्रपति ट्रंप भी मौजूद थे