September 23, 2026

कांग्रेस के दावे पर चीमा बोले- पुलिस को पहचान छुपाने का आदेश फर्जी

हरपाल चीमा

चंडीगढ़, 22 सितंबर 2026: कांग्रेस प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग ने दावा किया है कि पंजाब में तीन एएसआई के मर्डर के बाद पुलिसकर्मियों को भी पहचान छुपाने के लिए वर्दी न पहनकर ड्यूटी पर आने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक ऑडियो रिकॉर्डिंग पोस्ट की है। जिसमें दावा किया जा रहा है कि बॉर्डर रेंज के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस कार्यालय की ओर से ये हिदायतें जारी की गई हैं।

इसमें अमृतसर देहात बटाला गुरदासपुर और पठानकोट के एसएसपी को पुलिस कर्मचारियों की निजी सुरक्षा ड्यूटी पॉइंट और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा को लेकर विशेष हिदायतें जारी की गई हैं। अधिकारियों को इन निर्देशों की सख्ती से पालन करवाने के लिए कहा गया है।

ऑडियो में किसी महिला की आवाज है जो अपने आप को पुलिस मुलाजिम ही बता रही है। वह कह रही है कि अधिकारियों से सभी पुलिसवालों को निर्देश मिले हैं कि वर्दी बेल्ट पहचान चिन्ह पुलिस उपकरण या ऐसा कोई सामान प्रदर्शित नहीं करना है जिससे उनकी पहचान आसानी से हो सके।

कर्मचारियों को निजी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने और आने-जाने की दिनचर्या में संभव बदलाव रखने को कहा गया है। पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया ने भी ये ऑडियो पोस्ट की है।

हालांकि पंजाब पुलिस ने पोस्ट कर इन दावों को झूठा बताया है। पंजाब पुलिस की पोस्ट में कहा गया है कि अधिकारियों की ओर से ऐसा कोई दावा नहीं किया गया है। मंत्री हरपाल चीमा ने भी इन दावों को फर्जी बताया है।

यह भी देखें: युद्ध नशेआं विरुद्ध को मज़बूत करने के लिए आप पंजाब यूथ विंग ने मोहाली में ‘पंजाब यूथ रन 2026’ का किया आयोजन