August 5, 2026

कांग्रेस सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए केंद्र पर झूठे आरोप लगा रही है – विपिन सिंह परमार

विपिन सिंह परमार

शिमला, 13 जून 2026: प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए केंद्र सरकार पर झूठे आरोप लगा रही है और जनता को गुमराह कर रही है।

परमार ने कहा कि आर्थिक कुप्रबंधन, प्रशासनिक अक्षमता और विकास कार्यों में सुस्ती के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराना कांग्रेस की पुरानी आदत बन गई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को आपदा राहत, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और आधारभूत ढांचे समेत हर क्षेत्र में लगातार भरपूर सहयोग दिया है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के इस दावे को पूरी तरह गलत बताया कि केंद्र से प्रदेश को पर्याप्त मदद नहीं मिल रही है।

विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, निवेश नहीं आ रहा और सरकार केवल बयानबाजी पर उतर आई है।

हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को राज्य के मुद्दों को मजबूती से केंद्र के सामने रखना चाहिए था, लेकिन उसने राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को प्राथमिकता दी।

परमार ने कांग्रेस सरकार पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, बेरोजगारी बढ़ाने और वित्तीय प्रबंधन में नाकामी का आरोप लगाया। उन्होंने चुनावी गारंटियों, युवाओं को रोजगार और महिलाओं से किए गए वादों पर भी जवाब मांगा।

यह भी देखें: जालंधर में ANTF ने पकड़ी 12 किलो हेरोइन, दो तस्कर गिरफ्तार