April 29, 2026

काशी दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी ने 6,350 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण

काशी दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी ने 6,350 करोड़ की...

वाराणसी, 29 अप्रैल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को काशी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने गर्भगृह में करीब 20 मिनट तक पूजा-अर्चना की। पांच पंडितों ने विधि-विधान से पूजा कराई, उन्हें माला पहनाई और त्रिपुंड लगाया गया। मंदिर परिसर में प्रवेश के दौरान 108 बटुकों ने शंखनाद के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान पीएम ने मंदिर में मौजूद बच्चों से भी मुलाकात की और उनसे बातचीत की।

रोड शो में भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री 14 किलोमीटर लंबे रोड शो के जरिए विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। रास्ते भर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। कई स्थानों पर फूलों की वर्षा की गई और पीएम ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। मंदिर से बाहर निकलने के बाद भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री को त्रिशूल और डमरू भेंट किए। इसके बाद पीएम ने त्रिशूल उठाकर प्रतीकात्मक रूप से लहराया।

गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन

काशी दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरदोई के लिए रवाना हो गए, जहां वे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। यह 594 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा और उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से को बेहतर कनेक्टिविटी देगा। अपने दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री ने 6,350 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें बुनियादी ढांचा, शहरी विकास और अन्य महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।

नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में संबोधन

पीएम मोदी ने नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में भी हिस्सा लिया, जिसमें लगभग 50 हजार महिलाएं शामिल हुईं। मंच पर राजनीति, स्वयं सहायता समूह और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी 44 महिलाएं मौजूद रहीं। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों ने महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

यह भी देखें : पश्चिम बंगाल फेज-2 के लिए 142 सीटों पर वोटिंग शुरू, सुरक्षा कड़ी